सड़क दुुरुस्त करने की मांग को लेकर क्रेशर जोन में ग्रामीणों ने काटा रास्ता
नांगल क्रेशर जोन के रास्ते को ग्रामीणों द्वारा काटे 11 दिन हो गए हैं, लेकिन इसको लेकर कोई नतीजा नहीं निकला है। इस मामले को लेकर शुक्रवार को तीन घंटों तक प्रशासन द्वारा समझाने का प्रयास किया, मगर अभी तक रास्ते को नहीं खोला गया है। शुक्रवार को नायब तहसीलदार और पटवारी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे रास्ता सही कराने की मांग पर अड़े रहे। बातचीत का कोई नतीजा नहीं निकलता देख प्रशासनिक अधिकारियों को बैरंग लौटना पड़ा।
बरसातों के मौसम में नांगल क्रेशर जोन का रास्ता हमेशा खराब होता है, जगह-जगह गहरे गड्ढे बन जाते हैं जिनसे ग्रामीणों को निकलने में परेशानी का सामना करना पड़ता है। इस बार ग्रामीणों द्वारा खनन जोन के रास्तों में आने वाले किसानों के खातेदारी की जमीन से रास्ते को अवरूद्ध कर दिया, जिसके कारण खनन सामग्री की कोई भी गाड़ियों का आवागमन नहीं हो पा रहा है। करीब 11 दिन बीत जाने के बाद प्रशासन द्वारा कटे हुए रास्ते पर उपखण्ड अधिकारी मनीष कुमार के निर्देशों पर नायब तहसीलदार रमेश चंद पटवारी, गिरदावर सहित मौके पर पहुंचे।


