पेयजल समस्या से त्रस्त महिलाओं ने लगाया जाम

पेयजल समस्या से त्रस्त महिलाओं ने लगाया जाम

अलवर। अलवर शहर के वार्ड 25 में तंवर कॉलोनी और राजा जी का बास इलाके में 4 महीने से पानी की समस्या झेल रही महिलाओं ने सोमवार दोपहर घोड़ाफेर चौराहे पर जाम लगा दिया। पानी के लिए भरी दोपहरी में रास्ता जाम करती इन महिलाओं के समर्थन में वार्ड के लोग भी आगे आए। लालडिग्गी घोड़ाफेर सर्किल के पास रास्ताजाम की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची। लेकिन महिलाएं पुलिस की समझाइश से नहीं मानी।

इसके बाद पुलिस द्वारा जलदाय विभाग के अधिकारियों को मौके पर बुलाया गया और उनसे बातचीत कराई गई। वार्ड पार्षद भी इस मौके पर मौजूद रहे। जाम लगाती महिलाओं से समझा इश के दौरान जलदाय विभाग के अधिकारियों ने नियमित रूप से पर्याप्त मात्रा में पेयजल आपूर्ति  का आश्वासन दिया। अभियंताओं से ठोस आश्वासन पाने के बाद ही महिलाओं ने रास्ता खोला। 

वार्ड की महिलाओं ने बताया कि 4 महीने से उनके इलाके में पानी नहीं आ रहा और वह टैंकरों से काम चला रही हैं, लेकिन टैंकर मंगाने की भी एक सीमा है। हर परिवार आए दिन टैंकर से पानी मंगाने का खर्च वहन नहीं कर सकता।