शाहजहांपुर की सुनो सरकार: लोगों ने कहा, आंदोलन करेंगे

शाहजहांपुर की सुनो सरकार: लोगों ने कहा, आंदोलन करेंगे

शाहजहांपुर को नगर पालिका बनवाने की मांग को लेकर शहरवासी अब आंदोलन के मूड में हैं। बजट में सरकार ने पड़ोसी कस्बे नीमराना को नगरपालिका बनाने की घोषणा की है। जिसके बाद शाहजहांपुर को नगरपालिका नहीं बनाने के कारण विरोध शुरू हो गया है।

कस्बे के व्यापारियों ने बाजार बंद रखकर और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने कस्बेवासियों के साथ एक दिन का सांकेतिक धरना देकर यह मांग उठाई।

गुरुवार को कस्बे से सरपंच प्रतिनिधि ऋषिराज यादव के नेतृत्व में एक प्रतिनधिमंडल प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष गोविंद डोटासरा और पूर्व केंद्रीय मंत्री भंवर जितेंद्र सिंह से मिलने अलवर पहुंचा। इस दौरान समाजसेवी गिर्राज यादव ने भास्कर से कहा कि नीमराना से पहले शाहजहांपुर में इंडस्ट्रीज विकसित हुई।, जिससे कई दशकों से शाहजहाँपुर कस्बे से बड़ा राजस्व जा रहा है।

नीमराना के बजाय शाहजहांपुर नगर पालिका के लिए सामाजिक, आर्थिक, राजनीतिक मापदंड पूरे करता है। इसके बावजूद शाहजहांपुर की अनदेखी की गई है।

आंदोलन का किया एलान

शाहजहांपुर को नगरपालिका बनाने की मांग को लेकर कस्बेवासी आर -पार की लड़ाई का एलान कर चुके हैं। सप्ताह पूर्व कस्बे के सभी बाजारों को बंद रखकर सांकेतिक धरना देकर सरकार से अपनी मांग मनवाने के लिए प्रयास किए थे। सरपंच वीरमति ऋषिराज यादव का कहना है कि नगर पालिका बनाने की मांग कस्बेवासी दशकों से करते आ रहे हैं।

प्रतिनिधि मंडल में ये लोग शामिल

पीसीसी अध्यक्ष डोटासरा और पूर्व मंत्री भंवर जितेंद्रसिं से मिलने गए प्नतिनिधि मंडल में समाजसेवी गिर्राज यादव , वीरेंद्र चौहान तातू, पूर्व पंचायत समिति सदस्य हरिसिंह वाल्मीकि , पूर्व सरपंच हरकेश सिंह, सूबेदार गुगनराम , सुजान पंच , ब्लॉक कांग्रेस एससी ब्लॉक अध्यक्ष अनिल वाल्मीकि समेत अन्य लोग शामिल थे।