रेवाड़ी आदित्य हत्याकांड की गुत्थी सुलझी

रेवाड़ी आदित्य हत्याकांड की गुत्थी सुलझी

1500 रुपए लिए किया गया था टैक्सी चालक का मर्डर; अपहरण के लिए 

बुक की थी कार, 3 गिरफ्तार

हरियाणा के रेवाड़ी में हुए टैक्सी चालक आदित्य हत्याकांड की गुत्थी सुलझ गई है। गुरुवार को पुलिस ने 3 आरोपियों को अरेस्ट किया। पूछताछ में आरोपियों ने चौंकाने वाला खुलासा करते हुए 1500 रुपए के लिए टैक्सी चालक की हत्या करने की बात कबूल की। इस हत्याकांड में 2 आरोपी अभी फरार हैं।

DSP अमित भाटिया ने बताया कि 5 आरोपियों ने वारदात अंजाम दी थी। उनकी पहचान गुरुग्राम जिले के गांव नरहेड़ा निवासी धर्मेन्द्र उर्फ टिंकू, राजस्थान के अलवर जिले के गांव कहरानी निवासी संदीप व साधलका निवासी राजबीर उर्फ झुगड़ के रूप में हुई। तीनों के अपने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर हत्या की थी। वारदात के बाद से ही पांचों फरार थे। पुलिस ने मोबाइल लोकेशन से लेकर CCTV फुटेज तक की मदद ली और फिर 3 आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की।

धारूहेड़ा से किशनगढ़ के लिए बुक की थी टैक्सी
गुरुग्राम जिले के पंचगांव निवासी आदित्य (41) गुरुग्राम से धारूहेड़ा के बीच टैक्सी चलाता था। 26 फरवरी को आदित्य धारूहेड़ा बस स्टैंड के समीप खड़ा था। इस दौरान 5 युवकों ने 1500 रुपए में आदित्य की टैक्सी राजस्थान किशनगढ़ जाने के लिए बुक की थी। दोपहर में आदित्य की परिजनों से बात भी हुई, लेकिन देर शाम जब आदित्य वापस नहीं लौटा तो उसके भाई ललित ने फोन किया, परंतु फोन भी स्विच ऑफ मिला।

ललित ने धारूहेड़ा थाना में गुमशुदगी का केस दर्ज कराया। अगले दिन आदित्य की लाश साथ लगते राजस्थान के भिवाड़ी स्थित गांव कहरानी में पड़ी मिली। उसके शरीर पर तेजधार हथियार से हमला किया गया था। कुछ देर बाद ही गुरुग्राम एरिया में पड़ने वाले खोरी इलाके में उसकी टैक्सी भी लावारिस हालत में मिली। इससे साफ हो गया था कि उसकी हत्या करके शव फेंका गया है।

राजस्थान में करना था अपहरण
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने शुरुआती पूछताछ में खुलासा किया कि उन्होंने राजस्थान के किशनगढ़ में किसी शख्स का अपहरण करना था और इसलिए आदित्य की टैक्सी बुक की थी। किशनगढ़ पहुंचने के बाद आरोपी किसी का अपहरण नहीं कर पाए। इस बीच टैक्सी चालक आदित्य ने आरोपियों से 1500 रुपए किराया मांग लिया। बस फिर क्या आरोपियों ने उसे ही ठिकाने लगाने का प्लान बनाया और पत्थर व चाकू से वार करके उसे मौत के घाट उतार दिया। आरोपी उसकी लाश को कहरानी में फैंककर फरार हो गए। पुलिस के अनुसार आरोपियों को कोर्ट में पेश करके रिमांड पर लिया जाएगा। साथ ही वारदात में शामिल दो अन्य बदमाशों की पहचान हो चुकी है। उनकी गिरफ्तारी को लेकर भी पुलिस लगातार छापामारी कर रही है।