सज धजकर शादियों में चोरी करने वाली महिला गिरफ्तार मेकअप कर पूरी तरह तैयार होकर मेहमानों में शामिल हो जाती, फिर कैश का बैग करती चोरी

Nov 23, 2021 - 09:41
सज धजकर शादियों में चोरी करने वाली महिला गिरफ्तार मेकअप कर पूरी तरह तैयार होकर मेहमानों में शामिल हो जाती, फिर कैश का बैग करती चोरी

कोटा की महावीर नगर थाना पुलिस ने शादी में जेवर व नगदी चुराने के आरोप में एक महिला को गिरफ्तार किया है। महिला चोर पूनम बावरी (24) बापू बस्ती कुन्हाड़ी की निवासी है। महिला ने 16 नवम्बर को रंगबाड़ी रोड इलाके में शादी समारोह में चोरी की वारदात की थी। पुलिस ने बावरी गैंग की शातिर महिला चोर से 5 लाख के जेवर व नगदी बरामद की है। जांच में सामने आया कि महिला सज धज कर शादियों में शामिल हो जाती थी। फिर कैश और गहने लेकर फरार हो जाती। शनिवार को महिला को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेजने के आदेश दिए।

महावीर नगर थानाधिकारी कलावती ने बताया कि अलवर निवासी राशि गुप्ता ने रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। जिसमें बताया था कि वो उनकी रिश्तेदार की शादी में कोटा की रंगबाड़ी इलाके में आई थी। शादी समारोह में उनका सोने चांदी के जेवरात व नगदी से भरा पर्स पार हो गया। शिकायत के साथ शादी के समय की गई वीडियो रिकॉर्डिंग भी उपलब्ध कराई। पुलिस ने वारदात करने की तरीके के वीडियो फुटेज से संदिग्ध महिला की पहचान की।

सज धजकर शादी में पहुंची

चोरी करने वाली गैंग की शातिर महिला चोरी करने के लिए शादियों में शामिल होती है। वो बाकायदा सज धजकर कर पहुंचती है। मेकअप करके जाने से लड़के और लड़की किसी पक्ष को शक नहीं होता था। गैंग की महिला रिश्तेदार होने जैसा बर्ताव करती है। खाना खाने के बाद भीड़ वाली जगह पर जाकर बैग व पर्स चोरी करती। 16 नवम्बर के दिन शादी में बारात स्वागत के समय शातिर महिला ने पर्स चुराया था। फिर फरार हो जाती।

इससे पहले 8 सितंबर को महावीर नगर थाना पुलिस ने सोनिया बावरी (20) को गिरफ्तार किया था। सोनिया ने होटल में चल रही शादी में दुल्हन की मां का पर्स चोरी किया था। CCTV फुटेज के आधार पर पुलिस ने सोनिया को गिरफ्तार किया था।