कार की टक्कर से युवक की मौत रोड क्रॉस करने के लिए खड़ा था सड़क किनारे, रॉन्ग साइड से आ रही कार की चपेट में आया

कार की टक्कर से युवक की मौत रोड क्रॉस करने के लिए खड़ा था सड़क किनारे, रॉन्ग साइड से आ रही कार की चपेट में आया

भरतपुर के चिकसाना थाना इलाके में गुरुवार को सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। रोड साइड में खड़े युवक को गलत साइड से आ रहे वाहन ने टक्कर मार दी। स्थानीय लोगों ने वाहन चालक को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। युवक फ़ौज की तैयारी कर रहा था और आज दूध सप्लाई कर घर लौट रहा था, इसी दौरान हादसे का शिकार हो गया।

24 साल का लोकेश सेवर थाना इलाके के बरसो गांव का रहने वाला था। रोजाना उसका बड़ा भाई दूध बांटने के लिए जाता था, लेकिन आज लोकेश का बड़ा भाई खेत में पानी देने के लिए चला गया था। इसलिए लोकेश के बड़े भाई ने लोकेश को दूध बांटने के लिए बोल दिया। लोकेश आर्मी की तैयारी कर रहा था। आज सुबह लोकेश घर से दूध बांटने के लिए निकला। दूध बांटकर लोकेश अपने गांव के पास ही पहुंच गया था। गांव में जाने के लिए लोकेश रोड को क्रॉस करने के लिए रोड के साइड से खड़ा हुआ था। इतने में गलत साइड से आ रही एक कार ने लोकेश को जोरदार टक्कर मार दी।

घटना होते ही कार चालक को स्थानीय लोगों ने पकड़ लिया। लोग लोकेश को तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे जहां उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं स्थानीय लोगों ने कार चालक को पुलिस के हवाले कर दिया है। फिलहाल पुलिस लोकेश के शव का पोस्टमार्टम करवा रही है।