फायर सेवा सप्ताह: मेयर और आयुक्त बोले- आगजनी की घटनाओं में फौजी की तरह काम करते हैं फायरकर्मी

फायर सेवा सप्ताह: मेयर और आयुक्त बोले- आगजनी की घटनाओं में फौजी की तरह काम करते हैं फायरकर्मी

मुखर्जी नगर स्थित फायर स्टेशन पर बुधवार को फायर सेवा सप्ताह का उद्घाटन किया गया। कार्यक्रम में नगर निगम मेयर अभिजीत कुमार और आयुक्त डॉ. राजेश गोयल के मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। आगजनी की घटनाओं में जान गंवाने वाले फायरकर्मियों को पुष्प और माला पहनाकर नमन किया। इस दौरान फायरकर्मियों ने विपरीत परिस्थितियों में किए गए कार्यों का प्रदर्शन किया तो, मेयर और आयुक्त बोले कि आगजनी की घटनाओं में फौजी की तरह काम करते हैं फायरकर्मी।

फायर कार्मिकों ने LPG द्वारा आग लगने पर, पेट्रोल-डीजल मिश्रित पानी में आग लगने पर, चेयर नोट की मदद से कैजुअल्टी होने पर शॉर्ट, रिवॉल्विंग, जैट एवं फॉक ब्रांच द्वारा डेमोनेशन किया गया। मेयर अभिजीत कुमार ने फायर जवानों को उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि आपकी सेवा पर हमें नाज हैं।

आपके कार्य में सबसे महत्वपूर्ण यह होता है कि अपनी जान की परवाह किए बिना ही दूसरे को सुरक्षित निकलना होता है। उन्होंने कहा, हमारे शहर में जो भी मल्टीस्टोरी भवन हैं, उन्हें भी चिन्हित कर फायर उपकरण उपलब्ध करने के लिए कहा जाए। साथ ही सार्वजनिक जगहों पर आग की घटनाओं को रोकने के लिए आमजन को जागरूक करने के लिए शिविर लगाएं।

आयुक्त ने 1944 की घटना को किया याद

आयुक्त डॉ. राजेश गोयल ने 14 अप्रैल 1944 को शहीद हुए मुंबई फायर सर्विस के 66 कर्मियों को नमन किया। जिन्होंने मालवाहक जहाज में लगी आग में फंसे लोगों और करोड़ों के रुपए के सामान को बचाने में अपने जीवन को बलिदान कर दिया।

आयुक्त ने कहा कि संकरे रास्ते में फायर गाड़ी निकल नहीं पाती है, जिसके चलते वे तय समय पर नहीं पहुंच पाते हैं, इसके निदान के लिए वे विभाग को फायर बाइक उपलब्ध कराने के लिए पत्र लिखेंगे। कार्यक्रम के अंत में फायर ऑफिसर अरूण सिंह ने आभार जताया।