भरतपुर में किन्नू की बंपर आवक समय से पहले आई गर्मी और हवा से टूट रहा किन्नू, थोक में 8 से 16 रुपए किलो तक बिक रहा
इस बार भरतपुर में किन्नू की बंपर आवक हो रही है। पंजाब में किन्नू की अच्छी फसल हुई है। ड्रॉपिंग (समय से पहले फल के टूटने) के कारण फरवरी के प्रारंभ में ही किन्नू की बंपर आवक है। भरतपुर में होशियारपुर और अबोहर से प्रतिदिन मथुरा और दिल्ली मंडी के जरिए 300-400 क्रेट किन्नू प्रतिदिन आ रहा है। इसमें दो किस्में हैं जो थोक में 8 से 16 रुपए किलो तक हैं।
खैरिज (फुटकर) में किन्नू 20 से 25 रुपए किलो बिक रहा है। थोक विक्रेता अनिल कुमार ने बताया कि पिछले दिनों पश्चिमी विक्षोभ के कारण पंजाब में लगातार धुंध, धूप खिलने और हवा चलने से किन्नू की जबरदस्त ड्रॉपिंग हो रही है। इसके अलावा फल भी अधिक होने से भी टूट अधिक है इसलिए किसान माल को जल्दी निकाल रहा है।
पैदावार भी अच्छी होने के कारण भरतपुर मंडी में किन्नू की आवक अधिक है। इसका दूसरा कारण श्रीगंगानगर और राजाखेड़ा में भी किन्नू की पैदावार बढ़ना है। यह आसपास की मंडियों की डिमांड को पूरा कर रहे हैं। यह फरवरी लास्ट तक चलेगा। इसके बाद चीकू की आवक बढ़ जाएगी।
तेज धूप से भी ड्रॉपिंग, आवक बढ़ेगी
मौसम ने जिस तरह करवट ली है और तापमान सामान्य से ज्यादा है, इससे किन्नू की ड्रॉपिंग बढ़ जाएगी। वैसे किन्नू की ड्रॉपिंग हर साल होती है, लेकिन इस बार जनवरी/ फरवरी में ठंड के तेवर ढ़ीले होने के कारण ड्रॉपिंग अधिक है।

अब मौसम में गर्माहट आ गई है। इसलिए और ड्रॉपिंग होगी। इससे आवक बढ़ेगी। उल्लेखनीय है कि पंजाब में करीब 48 हजार हैक्टेयर में किन्नू की खेती होती है। इसका बड़ा हिस्सा करीब 28 हजार हैक्टेयर केवल अबोहर फाजिल्का इलाके में है। केले और आम के बाद किन्नू की देश में सबसे ज्यादा पैदावार होती है।
डेली डाइट में शामिल करें किन्नू, मिलेगी परफेक्ट हेल्थ
डायटिशियन चित्रा शर्मा के अनुसार पोषण और स्वास्थ्य की दृष्टि से डेली डाइट में किन्नू को शामिल करना चाहिए। यह विटामिन सी एंटी एजिंग एजेंट की तरह काम करता है। पेट में जल्दी घुलता है। बदहजमी को दूर करता है। खनिज लवण होते हैं। एसिडिटी को कम करता है।
झुर्रियां दूर करता है। स्किन को शाइनी करता है। एथेरोस्क्लेरोसिस, हार्टअटैक और स्ट्रोक की संभावनाओं को कम कर सकता है। कार्बोहाइड्रेट से भरपूर किन्नू में ग्लूकोज, फ्रक्टोज और सुक्रोज भी पाया हाता है। किन्नू को एनर्जी का सर्वोत्तम स्रोत माना जाता है। एनर्जी ड्रिंक के रूप में भी ले सकते हैं।


