1000 लीटर अवैध हथकढ़ शराब को किया नष्ट, शराब बनाने वाले बदमाश फरार
भिवाड़ी पुलिस जिला के चौपानकी थाना अंतर्गत हरियाणा सीमा से सटे हुए गांव में बुधवार को चोपानकी थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 1000 लीटर अवैध देसी शराब और 2 भट्टियों को नष्ट किया है। चोपानकी थाना अधिकारी नंदलाल जांगिड़ ने बताया कि कोरोना महामारी जन अनुशासन पखवाड़े के तहत भिवाड़ी क्षेत्र में अवैध हथकढ़ शराब माफियाओं के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए टीम गठित की गई थी।

इसी क्रम में टीम ने बुधवार को हरियाणा राजस्थान सीमा से सटे हुए चुहडपुर गांव के पहाड़ पर अवैध रूप से शराब बनाने के लिए लगाई दो भट्टियों को नष्ट किया। साथ ही मौके पर बनाकर तैयार रखी गई एक हजार लीटर अवैध देसी हथकढ़ शराब को जमीन में फैला कर नष्ट कर दिया। पुलिस की सूचना मिलते ही शराब बनाने वाले बदमाश मौके से फरार हो गए। अभी शराब माफियाओं की गर्दन तक पुलिस के हाथ नहीं पहुंचे हैं।
गौरतलब है कि भिवाड़ी का बहुत बड़ा क्षेत्र हरियाणा और मेवात क्षेत्र से सटा हुआ है। यहां आए दिन अलग-अलग प्रकार के अपराध घटित होते रहते हैं। हरियाणा मेवात के लोग अवैध शराब बनाकर भिवाड़ी में सप्लाई करते हैं जिससे यहां लंबे समय से अवैध देसी शराब का धंधा जोरों से चल रहा है। नए पुलिस जिला एसपी शांतनु कुमार ने पदभार संभालते ही सभी प्रकार के अपराधों पर अंकुश लगाने के आदेश जारी किए हैं। भिवाड़ी पुलिस रोज कार्रवाई कर अपराधियों को पकड़ रही है। इस कार्रवाई के दौरान चोपानकी थाना अधिकारी नंदलाल जांगिड़ , कॉन्स्टेबल रामसिंह व क्यूआरटी टीम के जवान मौजूद रहे।
satveer 

