ओएलएक्स से ठगी करने वाले 11 शातिर पकड़े 14 राज्यों में वारदात कबूलीं
ओएलएक्स के जरिए ठगी की वारदातों को अंजाम देने वाले मेवात गैंग के 11 बदमाशों को पुलिस ने वारदात करने से पूर्व ही दबोच लिया। ये बदमाश भरतपुर रेलवे स्टेशन के पास से एक व्यक्ति का अपहरण करने की नीयत से निकले थे। इन्होंने उस व्यक्ति को ओएलएक्स के जरिए वाहन खरीदने के बहाने से झांसा देकर बुलाया था। बदमाश उसका अपहरण कर ले जाने की नीयत से भरतपुर आ रहे थे, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमनदीप सिंह कपूर ने बताया कि पुलिस टीम ने थाना खोह के पाडला गांव निवासी 30 वर्षीय आरिफ खान पुत्र झंडा मेव, 30 वर्षीय आरिफ पुत्र लियाकत मेव, 48 वर्षीय दीनू खान पुत्र मंगल खां मेव, 19 वर्षीय नसीम खान पुत्र याकत मेव, 22 वर्षीय साकिर पुत्र मुंशी मेव, कावान का वास निवासी 27 वर्षीय इलियास खान पुत्र फखरू मेव, हिंगोटा गांव निवासी 42 वर्षीय जमशेद पुत्र लल्लू खान मेव, पहाड़ी थाना के गांव सांवलेर निवासी 19 वर्षीय हाकम खान पुत्र इमरान मेव, थाना सीकरी के गांव पाटका निवासी 23 वर्षीय पुष्पेंद्र सिंह पुत्र हरभान जाट, 30 वर्षीय राधेश्याम पुत्र पदम सिंह जाट एवं 37 वर्षीय मोहन सिंह पुत्र पदम सिंह जाट को गिरफ्तार किया है।
पकड़े गए बदमाशों के कब्जे से 2 लाख 63 हजार 10 रुपए नकदी, एक अवैध हथियार 315 बोर का कट्टा, एक कारतूस, एक लैपटॉप, एक बोलेरो गाड़ी, एक आई-20 कार, 16 एंडरॉइड मोबाइल, 3 कीपेड मोबाइल, 16 एटीएम कार्ड, 19 बैंक पासबुक, 8 चैकबुक, 5 स्मार्ट कार्ड एवं आर्मी के फर्जी 200 गेट पास जप्त किए हैं।
ओएलएक्स पर वाहन बेचने का झांसा देकर फंसाते थे
पुलिस पूछताछ में पकड़े गए बदमाशों ने देश के 14 प्रांतों में ओएलएक्स के जरिए ठगी की वारदातें कबूली हैं। पूछताछ में बदमाशों ने बताया कि उनके द्वारा गुजरात, कर्नाटक, महाराष्ट्र, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, उडीसा, तमिलनाडू, पिश्चम बंगाल, छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश, आसाम, उत्तरप्रदेश, उत्तराखंड व दिल्ली आदि प्रांतों में ओएलएक्स पर वाहन आदि बेचने के विज्ञापन देकर लोगाें से ठगी की वारदातों को अंजाम दिया। पुलिस अब पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ कर रही है।
यूपी बॉर्डर से दबोचे बदमाश
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ बदमाश ओएलएक्स पर विज्ञापन डालने के बाद वाहन खरीदने वाले व्यक्ति को रेलवे स्टेशन के पास से अपहरण कर बन्धक बनाकर अपने साथ ले जाएंगे। जिस पर यूपी बाॅर्डर पर नाकाबंदी की गई। जैसे ही तीन गाडियां वहां पहुंची, पुलिस टीम ने उनमें से एक आई-20 कार एवं एक बोलेरो गाड़ी को पकड़ लिया, जिनमें बैठे 11 बदमाश भी दबोच लिए, लेकिन एक क्रेटा कार बदमाश पुलिस की सरकारी गाड़ी में टक्कर मारकर भगा ले जाने में सफल रहे। बदमाशों ने बताया कि वे ओएलएक्स से लोगों से ठगी करते हैं, और उनका प्लान स्टेशन के पास से एक व्यक्ति के अपहरण करने का था।
पेटीएम, गूगल पे, फोन पे से डलवाते थे रकम
बदमाश ओएलएक्स पर कार, स्कूटी, बाइक, फर्नीचर, मोबाईल, इलेक्ट्रॉनिक्स सामान आदि के विज्ञापन के साथ किसी आर्मी के जवान की बावर्दी फोटो, सैन्य ग्रुप फोटो हथियार सहित, कैंटीन कार्ड,आर्मी के कर्मचारी का परिचय पत्र आदि डालकर वाॅटसअप नम्बर देते हैं। यह मोबाइल नम्बर फर्जी नाम पते पर लिया हुआ होता है।
चंगुल में फंसने वाले लोगों को अपने क्षेत्र में बुलाकर अपहरण करके लूट लेते हैं। इसके अलावा सामान को ग्राहक के घर पहुंचाने के नाम पर टोकन राशि पेटीएम, गूगलपे, फोनपे, नेट बैंकिग के माध्यम से फर्जी खातों में स्थानान्तरित करवाते हैं एवं निकाल लेते हैं।


