कोरोना, हेपेटाइटिस बी और सी के रोगियों को अब भरतपुर में ही मिलेगी डायलिसिस सुविधा
कोरोना और हेपेटाइटिस बी एवं सी के गंभीर रोगियों को डायलिसिस के लिए अब परेशान नहीं होना पड़ेगा। संभवतः बुधवार से उन्हें भरतपुर में ही यह सुविधा मिलने लगेगी। क्योंकि चिकित्सा राज्यमंत्री डॉ़. सुभाष गर्ग द्वारा अपने विधायक कोष से उपलब्ध कराई गईं 3 नई मशीनें आरबीएम अस्पताल में पहुंच चुकी हैंनई मशीनों को अगले 2-3 दिन में ही इंस्टॉल करके शुरू कर दिया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि कोरोना पॉजिटिव और हेपेटाइटिस बी एवं सी के गंभीर रोगियों के लिए शहर में यह सुविधा पहली बार शुरू हो रही है। वार्ड इंचार्ज सीनियर टेक्नीशयन नितिन शर्मा ने बताया कि अस्पताल में रोजाना औसतन 10 से 12 और महीने में 300 रोगियों की डायलिसिस होती है।। इन्हें मिलाकर अस्पताल में अब 9 डायलिसिस मशीनें हो जाएंगी।
अस्पताल में अभी तक कोरोना संक्रमित और हेपेटाइटिस बी एवं सी के गंभीर रोगियों के लिए अलग से डायलिसिस की सुविधा नहीं थी। लेकिन, अब 3 नई मशीन और ऑटोमेटिक बैड आ चुके हैं। बुधवार से अब इन रोगियों के लिए भी यह सुविधा शुरू हो जाएगी।


