बारां में शर्मनाक घटना: हाइवे पर जा रहे पति-पत्नी काे रोककर बंधक बनाया, खेत में ले जाकर महिला से गैंगरेप; मामले में पीड़िता के पूर्व पति का भाई भी आरोपी
जिले के नेशनल हाइवे-90 पर शनिवार रात को सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया गया। छजावा बावड़ी के समीप दंपत्ति काे रोककर बंधक बनाया गया। महिला के साथ गैंगरेप किया गया। मामले में 4 से 5 आरोपी बताए गए है। पुलिस ने बंधक बनाने और गैंगरेप सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है। घटनाक्रम की जानकारी मिलते ही पुलिस जाप्ता मौके पर पहुंच गया। रात को ही एसपी विनीत कुमार बंसल, एएसपी विजय स्वर्णकार ने मौका मुआयना किया। मामले के जल्द खुलासे के लिए जांच शुरू कर दी है। मामले में कुछ संदिग्धों को राउंडअप भी किया गया है। मामले में पीड़ित महिला के पूर्व पति का भाई भी नामजद आरोपी है।
पुलिस के अनुसार पीड़िता ने रिपोर्ट में बताया है कि वह पति और आठ वर्षीय बहिन के साथ कामखेड़ा बालाजी के दर्शन करने बाइक से गई थी। वहां से वापस लौटते-लौटते शाम हो गई। बाइक से नेशनल हाइवे-90 से होते हुए गांव जा रहे थे। तभी दो बाइकों पर सवार लोगों ने पीछा करना शुरू कर दिया। रात करीब 10 बजे छजावा बावड़ी समीप सूनसान इलाका देखकर बाइक के आगे उन्होंने बाइकें लगा दी। एक बुजुर्ग ने छोटी बहिन को सड़क पर ही रोक लिया। पति-पत्नी को धमकाते हुए खेतों की तरफ ले गए। वहां धमकाते हुए महिला की साड़ी उतरवा ली। साड़ी से पति के हाथ-पैर और मुंह बांध दिया। महिला के हाथ बांध दिए। इसके बाद 3 से 4 लोगों ने महिला के साथ बारी-बारी से ज्यादती की। इसके बाद आरोपी महिला को वहीं पटककर सड़क पर पहुंचे गए। वहां से बुजुर्ग सहित सभी आरोपी दोनों बाइकों पर बैठकर फरार हो गए।
अंधेरे में सड़क पर खड़ी बालिका उसके बहिन और जीजा के नहीं आने से जोर-जोर से रोने लगी। वहां से गुजर रहे वाहनों को रुकने का ईशारा करती रही। बालिका सड़क पर अकेला देखकर एक ट्रक चालक ट्रक को रोक लिया। बालिका से रोने का कारण पूछा, तो उसने घटनाक्रम बताया। किसी वारदात को अंदेशा होने पर ट्रक चालक ने हाईवे से गुजर रहे वाहन चालकों को रोका। कुछ लोगों के एकत्रित होने पर पूरे मामले की सूचना पुलिस को दी गई। वहां मौजूद लोग बालिका के साथ उसकी बहिन व जीजा की तलाश में खेतों में जाकर आवाज लगाने लगे। तब तक पुलिस टीम भी मौके पर पहुंच गई। आसपास खेतों में सघनता से तलाश करने पर एक खेत में महिला बदहवास हालत में पड़ी थी। वहीं उसके पति के हाथ-पैर व मुंह भी बंधा हुआ था। तुरंत ही महिला को एंबुलेंस की मदद से अस्पताल में भर्ती कराया गया।


