सोशल मीडिया पर भाजपा की सियासत: पूनिया की पोस्ट- चुनौतियां ही जीवन को रोमांचक बनाती हैं; वसुंधरा का ट्वीट- सफल वही जो प्रयास बंद नहीं करता
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनिया और पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के रविवार को किए गए ट्वीट सियासी हलकों में चर्चाओं का विषय बने हुए हैं। पूनिया के बाद थोड़ी ही देर में राजे ने भी ट्वीट किया, दोनों ही नेताओं ने इशारों में बहुत कुछ कह दिया है। सबसे पहले सतीश पूनिया ने लिखा-चुनौतियां ही जीवन को रोमांचक बनाती हैं; और इसी से आपके जीवन के महत्त्व का निर्माण होता है। इसके 52 मिनट बाद ही राजे ने ट्वीट किया-सफल वही होता है जो बार-बार मिल रही असफलताओं के बावजूद प्रयास बंद नहीं करता।
सतीश पूनिया और वसुंधरा राजे के इन दोनों ट्वीट के सियासी मायने निकाले जा रहे हैं। दोनों ने इशारों ही इशारों में भावी सियासी संकेत भी दिए हैं। सतीश पूनिया ने राजधानी जयपुर में सिविल लाइंस फाटक पर भाजपा के प्रदर्शन के दौरान की फोटो लगाते हुए चुनौतियों को जीवन को रोचक बनाने वाला बताया है। इस फोटो में ही सियासी मैसेज है। वसुंधरा राजे का ट्वीट यूं तो किसी महापुरुष का प्रेरक विचार लगता है, लेकिन इसे सियासी भाषा में डिकोड करने से कई अर्थ लिए हुए है। इससे राजे ने सियासी इरादे बताने का प्रयास किया है।
राजे ने हाल ही में अपने जन्मदिन पर 7 और 8 मार्च को भरतपुर और गोवर्धन की धार्मिक यात्रा में ताकत दिखाई थी। राजे ने उस दौरान मिलजुलकर सरकार को उखाड़ फेंकने की बात कहकर साफ संकेत दिए थे कि वे राजस्थान की राजनीति में दमखम से सक्रिय रहेंगी। पूनिया और राजे के ट्वीट्स की टाइमिंग भी अहम है। सतीश पूनिया ने रविवार को दोपहर 12:15 पर ट्वीट किया, उसके बाद वसुंधरा राजे ने 1:07 बजे संडे मोटिवेशन हैशटैग के साथ ट्वीट किया। राजे ने हालांकि किसी को टैग नहीं किया, लेकिन सियासी हलकों में इसे पूनिया को जवाब देने से ही जोड़कर देखा जा रहा है।


