मारपीट का मामला: सरपंच पुत्र एवं पूर्व सरपंच के बीच मारपीट, दोनों की रिपोर्ट पर थाने में प्रकरण दर्ज हुआ
गाली गलौच कर मारपीट एवं धमकी देने के आरोप में कोतवाली थाना पुलिस ने दो पक्षों की रिपोर्ट पर एक-दूसरे के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार ताउसर बास गूजर खेड़ा निवासी महेन्द्र कुमार पुत्र सीताराम मेघवाल ने पुलिस को सौंपी रिपोर्ट में बताया कि वर्तमान में उसकी मां जानकी देवी ग्राम पंचायत ताउसर की सरपंच है।
बास सुंदरसर ताउसर निवासी कृपाराम देवडा पुत्र मिश्री लाल देवड़ा राजनैतिक रूप से अदावत रखते हैं। 5 अप्रैल की शाम पंचायत समिति नागौर के कार्यालय पहुंचा तो वहां कृपाराम देवड़ा खड़ा था। उसने गाली गलौच की।
कहा कि वह उसकी सरपंची करना भुला देगा। उसने शिलालेख लगाने पर नोटिस क्यूं दिया वह उसको घर में घुसकर मारेगा। इस तरह कहते हुए आरोपी ने पहले धक्का मुक्की की और फिर मारपीट शुरू कर दी। तभी परिवादी के भाई मूलचन्द, सुमेर राम वहां पहुंचे और उन्होंने बचाव कर मामला शांत किया।
मारपीट का आरोप
वहीं दूसरी ओर सुंदरसर बास ताउसर निवासी कृपाराम देवड़ा पुत्र मिश्रीलाल ने पुलिस को सौंपी रिपोर्ट में बताया कि 5 अप्रैल शाम साढ़े चार बजे वह पंचायत समिति परिसर नागौर में बीडीओ से मिलने गया था। इसके बाद वह नरेगा कार्यालय जाने लगा तो ताउसर पंचायत के सरपंच का बेटा महेन्द्र व मूलचंद ने उसका रास्ता रोकते हुए गाली गलौच करना शुरू कर दिया। इसके बाद मारपीट करना पर आ गए।
रिपोर्ट अनुसार देवड़ा ने गाडी के ड्राइवर किशन व उसके साथ बैठे हंसराज को आवाज दी तो वे भागकर आए और बचाव किया। आरोपी जाते समय यह धमकी भी देकर गए कि वे सरपंच के बेटे हैं अब उसे छोडेंग़े नहीं। पुलिस ने दोनों की रिपोर्ट पर प्रकरण दर्ज कर अनुसंधान शुरू कर दिया है।


