डायन बताकर किया दुष्कर्म: इलाज के नाम पर महिला को कमरे में बंद कर कथित भोपे ने किया दुष्कर्म, गिरफ्तार
बासनी थाना इलाके में एक महिला के साथ कथित भोपे ने मंगलवार रात को इलाज के नाम पर दुष्कर्म किया। भोपे ने महिला में चुड़ैल होना बता परिजनों को कमरे से बाहर भेज दिया और फिर तंत्र-मंत्र क्रिया से इलाज करने का कह दुष्कर्म किया। पीड़िता के पति ने बुधवार को बासनी थाने में इसकी प्राथमिकी दर्ज कराई। पुलिस तुरंत हरकत में आई और कथित भोपे को गिरफ्तार किया।
एसीपी पश्चिम नूर मोहम्मद ने बताया कि बासनी क्षेत्र के एक व्यक्ति की तरफ से रिपोर्ट दी गई। उसकी पत्नी का स्वास्थ्य ठीक नहीं रहता है। काफी इलाज करवाने पर भी फर्क नहीं पड़ा। तब जान-पहचान वालों ने एक भोपे के बारे में बताया। इस पर विश्वास में आकर उसने बनाड़ स्थित तनोट माता मंदिर के पास नांदड़ा निवासी बीरबल उर्फ लक्ष्मण पुत्र रामसिंह से संपर्क किया।
उसने तंत्र-मंत्र क्रिया द्वारा उपचार की बात की और खर्चे के तौर पर 15-20 हजार रुपए बताए। उसकी पत्नी को पुष्कर भी ले जाने की बात की, जहां पर किसी बड़े तांत्रिक बाबा को दिखाने केे लिए भी कहा। इस पर कथित भोपे को मंगलवार की रात को घर बुलाया। तब भोपे ने उसकी पत्नी को एक कमरे में बंद कर दिया। घर के किसी सदस्य को अंदर आने से मना कर दी गई।
बाहर कूलर चल रहा था और दरवाजे भी लोहे के थे। फिर भोपा करीब ढाई घंटे बाद बाहर आया और चला गया। रात 12:30 बजे पत्नी ने घटना के बारे में पति को जानकारी दी। महिला के परिजनों ने भोपे को पकड़ने का प्रयास भी किया, लेकिन वह भागने में कामयाब हो गया। इस पर रात में ही पुलिस को सूचना दी।
बुधवार को केस दर्ज किए जाने के साथ ही पीड़िता के बयान लिए गए। एसीपी नूर मोहम्मद ने बताया कि आरोपी भोपे बीरबल को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश करने के बाद 1 दिन की रिमांड पर लिया है। फिलहाल उससे पूछताछ कर रहे हैं।


