किडनैप कर युवती की जबरन कराई शादी: घर की छत पर सो रही युवती को उठाकर ले गए,परिजन ढूंढते रहे, आरोपियों ने फोन कर पिता को कहा: चिंता मत करो, उसकी शादी करवा दी है
जिले के मौलासर थाने के एक गांव में युवती का अपहरण कर जबरदस्ती शादी करवाने का मामला सामने आया है। युवती मंगलवार रात में खाना खाकर घर की छत पर सो रही थी, तभी आरोपी घर के पीछे से छत पर चढ़े और उसे जबरदस्ती अपहरण करके ले गए। अगले दिन सुबह जब युवती नहीं मिली तो परिजनों ने उसे ढूंढना शुरू कर दिया पर कहीं कोई सुराग नहीं मिला। तभी युवती के पिता के पास हरदेवाराम पुत्र सुखाराम निवासी केरपुरा भदलिया का फोन आया और बोला कि युवती को कहीं तलाश मत करो, वो उसके पास सही सलामत है। चुपचाप उसकी शादी मेरे भांजे जयराम पुत्र जेठाराम निवासी भरनाई से करा दो। इसके बाद तुम्हारी पुत्री लौटा देंगे। इसके थोड़ी देर बाद हरदेवाराम ने दुबारा फोन करके बताया कि उसने मेरी पुत्री का जबरदस्ती उसके भांजे जयराम से विवाह करवा दिया है।
थानाधिकारी सुमन कुल्हरी ने बताया कि युवती के पिता की शिकायत पर मकराना तहसील के भरनाई निवासी जयराम पुत्र जेठाराम और केरपुरा भदलिया निवासी हरदेवाराम पुत्र सुखाराम सहित 3-4 जनों के खिलाफ युवती के अपहरण और जबरदस्ती शादी कराने का मामला दर्ज कर लिया गया है और युवती की तलाश शुरू कर दी गई है वहीं मामले की जांच जारी है।


