महिलाओं से जेवर लूट भागे 2 बदमाश, एक आरोपी गिरफ्तार
पाली: क्षेत्र के काणेचा व बलाड़ा में वृद्ध महिलाओं के गले में पहनी कंठी लूट की वारदात में जैतारण पुलिस ने 12 घंटे में एक आरोपी को पकड़ने में सफलता हासिल की है। थानाधिकारी सुरेश चौधरी ने बताया कि हल्का क्षेत्र के काणेचा गांव में शिवजीराम पुत्र हीराराम जाट ने रिपोर्ट पेश कर बताया कि उसकी मां पानी देवी बेरे के पास बैठी थी।
उस दौरान बाइक पर सवार दो युवक कंठी लूट फरार हो गए। पुलिस ने नाकाबंदी कर सीसीटीवी कैमरों की मदद व मुखबिरों की सूचना पर मुलजिम शाहरुख खान पुत्र सफी मोहम्मद मेरासी को गिरफ्तार किया। अन्य साथी नागराज निवासी देवरिया की तलाश जारी है। कार्रवाई में टीम के एसआई बिहारीलाल शर्मा, एएसआई किशनाराम, हैडकांस्टेबल सियाराम, चालक राजेन्द्रसिंह, बीरबल, दुर्गाराम, संजय, संपत, विकास, नीरज, शिवनारायण की आरोपियों को पकड़ने में मुख्य भूमिका रही।


