उदयपुर में कोरोना से राहत बुधवार को 204 नए मामले आए, पॉजिटिविटी रेट गिरकर 10 प्रतिशत से कम हुई, शहर में मामले घटे, अब गांवों से ज्यादा आ रहे केस
उदयपुर में कोरोना के मामले में लगातार गिरावट देखने को मिल रही है। बुधवार को उदयपुर में कोरोना के महज 204 मामले ही सामने आए। पिछले कई दिनों से कोरोना के नए मामलों की संख्या 300 से नीचे बनी हुई है। बुधवार को चिकित्सा विभाग ने 2098 सैम्पल जांचे। इनमें से 204 लोग पॉजिटिव आए। अच्छी बात रही कि पॉजिटिविटी रेट गिरकर 10 प्रतिशत से नीचे पहुंच गई। बुधवार को पॉजिटिविटी रेट 9.72 प्रतिशत रही। उदयपुर के लिए राहत की बात ये है कि ये दर पिछले तीन दिन से 10 प्रतिशत के नीचे बनी हुई है।
अब शहर में कम, ग्रामीण इलाकों से ज्यादा रोगी आ रहे
उदयपुर में कोरोना संक्रमण घट रहा है। इसकी बड़ी वजह शहरी इलाकों से ज्यादा मामले सामने नहीं आना है। शहरी क्षेत्र में संक्रमण के आंकड़ों में तेजी से कमी आई है। अब जो आंकड़े सामने आ रहे हैं उनमें ज्यादातर ग्रामीण इलाकों से हैं। बुधवार को सामने आए 204 रोगियों में से 139 ग्रामीण इलाकों से सामने आए। जबकि शहरी इलाके से सिर्फ 65 रोगी आए। जबकि कुछ दिनों पहले तक ज्यादातर मामले शहरी इलाकों से आ रहे थे। बुधवार की रिपोर्ट में 13 कोरोना वॉरियर भी पॉजिटिव आए।
इस महीने अबतक 2809 रोगी आ चुके
फरवरी के महीने में 9 दिनों में अबतक 2809 रोगी सामने आ चुके हैं। कोरोना के मामलों में गिरावट के बावजूद इस महीने 2800 से ज्यादा रोगी पॉजिटिव आ चुके हैं। बुधवार को एक बार फिर संक्रमितों से ज्यादा लोग रिकवर हुए। बुधवार को 204 नए रोगी आए जबकि 433 रिकवर हुए। इसी के साथ अब उदयपुर में एक्टिव रोगियों की संख्या गिरकर 1550 हो चुकी है। इनमें से 1484 हाम आईसोलेशन में हैं। जबकि 66 रोगी अस्पताल में भर्ती हैं।
satveer 

