भरतपुर: लुधावई टोल प्लाजा के 23 कर्मचारी कोरोना पॉजिटिव
भरतपुर: अब जयपुर-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित लुधावई टोल प्लाजा के 23 कर्मचारी कोरोना पॉजिटिव निकले हैं। इनकी सैंपलिंग गुरुवार को हुई थी।
लेकिन, इस दौरान यहां से सैकड़ों वाहन चालक टोल पर्ची कटवाकर निकलते हैं। यूं तो भरतपुर से जयपुर के बीच में 4 टोल प्लाजा पड़ते हैं। लेकिन, इनमें से 2 लुधावई और आमोली एक ही कंपनी के पास हैं। इन दोनों प्लाजा पर 200 से 250 कर्मचारी कार्यरत हैं जो लगातार शिफ्टों में काम करते हैं।
लुधावई टोल प्लाजा मैनेजर के मुताबिक पिछले दो दिन में 104 कर्मचारियों की सैंपलिंग कराई जा चुकी है। चूंकि देर शाम तक चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग से उन्हें पॉजिटिव आए कर्मचारियों की सूची नहीं मिली थी। इसलिए, यह पता लगाना मुश्किल हो रहा है कि कौन-कौन से कर्मचारी पॉजिटिव हैं। फिर भी एहतियातन कर्मचारियों की शिफ्ट बदलकर नए लोगों को कैश काउंटर पर लगाया गया है।
उन्होंने बताया कि जब से फास्टैग अनिवार्य हुआ है, तब से कैश में टोल चुकाने वालों की संख्या में काफी कमी आई है। फिर भी इतने लोग यहां टोल पर्ची कटवाते हैं, अब किससे कौन कर्मचारी संक्रमित हो जाए, क्या पता चलता है।
यहां मिले नए पॉजिटिव
ग्रामीण क्षेत्रः बयाना-7, भुसावर-9, डीग-8, कामां-6, कुम्हेर-2, नदबई-12, नगर-2, रूपवास-1, सेवर-4,
भरतपुर शहरः गणेश नगर-1, अनाह गेट-1, तिलक नगर-2, रेलवे स्टेशन-7, अटल बंध थाना-1,रंजीत नगर-1, सर्राफा बाजार-1, लुधावई टोल प्लाजा-23, गोवर्धन गेट-1, पॉलीटेक्निक कॉलेज-1


