वैक्सीन की कमी का संकट टला:आज जयपुर से आएंगी 4,170 वैक्सीन 41,700 लाभार्थियाें काे लग सकेंगी

वैक्सीन की कमी का संकट टला:आज जयपुर से आएंगी 4,170 वैक्सीन 41,700 लाभार्थियाें काे लग सकेंगी

कोरोना वैक्सीनेशन अभियान को लेकर राहत की खबर आई है। शहर में अब वैक्सीन के अपर्याप्त स्टॉक के कारण टीकाकरण नहीं रुकेगा। गुरुवार को जयपुर से 4,170 वैक्सीन की खेप जोधपुर पहुंच जाएगी, जो करीब 41,700 लाभार्थियों को लग सकेगी। वैक्सीन लेने के लिए चिकित्सा विभाग की टीम बुधवार को जयपुर पहुंच गई। वे कोविशील्ड की 26,700 डोज (2,670 वाइल) व को-वैक्सीन की 15,000 डोज (1500 वाइल) को लेकर गुरुवार को जोधपुर पहुंचेंगे।

इससे पहले बुधवार को कुछ सेंटर पर वैक्सीन का स्टॉक खत्म होने से परेशानी आई। यहां आए बुजुर्गों को वैक्सीन नहीं होने की बात कही गई। हालांकि चिकित्सा विभाग के अधिकारियों ने वैक्सीन खत्म हाेने की एक भी शिकायत मिलने से इनकार किया है। इधर, बुधवार को जिले में 116 सेंटर पर टीकाकरण किया गया। जहां करीब 5,728 लाभार्थियों को वैक्सीन की पहली डोज लगाई गई। इसी प्रकार 5,260 हेल्थ केयर और फ्रंटलाइन वर्कर्स को दूसरी डोज लगाई गई। इनमें पुलिस कमिश्नर समेत कई आला अधिकारी शामिल रहे।

लाइन में लगे थे कई बुजुर्ग, बताया खत्म हो गई वैक्सीन

महामंदिर स्थित बाबू लक्ष्मणसिंह पार्क में वैक्सीनेशन अभियान संचालित किया गया। दोपहर 3 बजे बाद वैक्सीन खत्म होने पर बुजुर्गों को मना कर दिया गया। जिसके चलते लाइन में लगे बुजुर्गों को बिना वैक्सीन लगाए घर लौटाना पड़ा। इससे पहले यहां 100 बुजुर्गाें को वैक्सीन लगाई जा चुकी थी।

महामंदिर रामबाग से वैक्सीन लगवाने के लिए आए सत्यनारायण व कौशल्या ने बताया कि हम तो पूरे परिवार को कह कर इस खुशी में घर से निकले थे कि आज टीका लगवा आएंगे, लेकिन यहां आकर निराशा मिली। इनकी तरह दर्जनों लोग बिना वैक्सीन लगाए ही घर लौटने को मजबूर हो गए। डाॅ. रजत अरोड़ा ने बताया कि 100 लोगों को वैक्सीन लगा दी गई थी, इसके बाद खत्म हो गई।

आज शिवरात्रि पर अवकाश, 12 निजी सेंटर्स पर ही लगेंगी वैक्सीन

आरसीएमएचओ डॉ. कौशल दवे ने बताया कि वैक्सीन लाने विभाग से टीम जयपुर पहुंच गई है। गुरुवार दोपहर बाद तक वैक्सीन की नई खेप मिल जाएगी। बुधवार को कहीं से वैक्सीन खत्म होने की कोई शिकायत नहीं मिली। उन्हाेंने बताया कि महाशिवरात्रि के दिन गुरुवार काे 12 प्राइवेट सेंटर पर ही वैक्सीनेशन हाेगा।