सीएम की घोषणा के बाद जगी आस: रीट, एसआई, पटवारी सहित 13 से अधिक भर्तियों में ईडब्ल्यूएस कैटेगरी को हो सकता है फायदा
बजट घोषणा के अनुसार अन्य कैटेगरियों की तरह आयु सीमा और परीक्षा शुल्क में छूट का लाभ देने की सरकार की तैयारी से ईडब्ल्यूएस कैटेगरी के युवाओं में खुशी की लहर है। सरकार ने इस मामले को लेकर प्रशासनिक कमेटी बनाई है जो 3 दिन में रिपोर्ट सौंपेगी।
ईडब्ल्यूएस कैटेगरी के युवाओं को उम्मीद है कि सरकार प्रक्रियाधीन भर्तियों से ही नए प्रावधान लागू करेगी। सरकार प्रक्रियाधीन भर्तियों में इसको लागू करती है तो रीट, एसआई, पटवारी, कृषि पर्यवेक्षक, वनपाल सहित 13 से अधिक भर्तियां ऐसी हैं जिसमें ईडब्ल्यूएस कैटेगरी के युवाओं को बड़ा फायदा मिल सकता है। जिन भर्तियों की आवेदन प्रक्रिया पूरी हो चुकी है उनमें संशोधित विज्ञप्ति जारी कर फिर से आवेदन लिए जा सकते हैं।
नए प्रावधान के लागू होने से इन भर्तियों पर पड़ सकता है असर
रीट : रीट की परीक्षा तिथि 25 अप्रैल है। जैन समाज के लोग इस दिन महावीर जयंती के कारण इसको स्थगित करने की मांग कर रहे हैं। अगर ईडब्ल्यूएस के नए प्रावधान लागू किए जाते हैं तो परीक्षा स्थगित होगी। इससे सरकार को डबल फायदा है। स्थगित होने से जैन समाज की मांग भी पूरी हो जाएगी और बजट घोषणा का भी लाभ दे दिया जाएगा।
कॉलेज व्याख्याता भर्ती
आरपीएससी 918 पदों पर कॉलेजों में असिस्टेंट प्रोफेसर की भर्ती कर रही है। इसकी परीक्षा अप्रैल में कई चरणों में होनी है। अभ्यर्थी इस परीक्षा से पहले सेट परीक्षा का आयोजन करने की मांग कर रहे हैं। सरकार ईडब्ल्यूएस के नए प्रावधान लागू करती है तो अप्रैल में इसकी परीक्षा होना मुश्किल है।
हाईकोर्ट स्टेनोग्राफर भर्ती
434 पदों की इस भर्ती के लिए अप्रैल में परीक्षा होनी है। इसमें अगर ईडब्ल्यूएस का प्रावधान लागू होता है तो परीक्षा स्थगित करनी पड़ेगी।
सहकारी उपभोक्ता भंडारों में भर्ती
सहकारी उपभोक्ता भंडारों, केवीएसएस में 385 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन लिए जा रहे हैं। आवेदन की अंतिम तिथि 20 अप्रैल है। इसमें भी नए प्रावधान लागू होने पर फॉर्म की अंतिम तिथि बढ़ानी पड़ेगी।
... और इधर : इन भर्तियों के लिए आवेदन तो ले लिए, लेकिन अभी तक परीक्षा नहीं हुई
आवेदन की प्रक्रिया शुरू होने से पहले ही स्थगित
आरपीएससी ने प्रवेशिका हैडमास्टर के 83 पदों पर भर्ती निकाली थी। आवेदन की प्रक्रिया 24 मार्च से शुरू होनी थी, लेकिन एक दिन पहले 23 मार्च को ही आयोग ने इसका नोटिफिकेशन वेबसाइट से हटा लिया। माना जा रहा है कि ईडब्ल्यूएस के नए प्रावधानों के बाद संशोधित विज्ञप्ति जारी हो सकती है।
पीटीईटी पर भी असर
पीटीईटी-2021 के आवेदन की 25 मार्च अंतिम तिथि है। इसमें सामान्य और ईडब्ल्यूएस के अभ्यर्थियों को दो वर्षीय बीएड में प्रवेश के लिए स्नातक में 50% और स्नातक-बीएड चार वर्षीय कोर्स में प्रवेश के लिए बारहवीं में 50% अंक जरूरी है। अन्य कैटेगरियों को 45% अंक का प्रावधान है। नए प्रावधान से ईडब्ल्यूएस कैटेगरी के जिन अभ्यर्थियों के स्नातक या बारहवीं में 45 से 50% अंक हैं वे भी बीएड कर सकेंगे।
^सोशल मीडिया पर परीक्षाओं को स्थगित करने को लेकर अफवाहें फैल रही हैं। इसलिए सरकार को ईडब्ल्यूएस कैटेगरी को आयु व शुल्क में छूट के निर्णय को लेकर जल्द स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए कि कौन सी भर्ती में लागू होगा और कौन सी में नहीं।
- दीपेंद्र शर्मा, अध्यक्ष राजस्थान बेरोजगार संघ
^हमारी मांग मानते हुए ईडब्ल्यूएस कैटेगरी को अन्य की तरह आयु सीमा और शुल्क में छूट देने की घोषणा कर सरकार ने बडी राहत दी है। मुख्यमंत्री अब इस घोषणा को जल्द प्रक्रियाधीन भर्तियों में लागू करें, ताकि हजारों जरूरतमंद युवाओं को इसका फायदा मिल सके।
- प्रकाशचंद गुप्ता, चेयरमैन, राजस्थान प्रदेश अग्रवाल महासभा


