खाकी पर खादी का रौब:राजस्थान के कुशलगढ़ विधायक ने नाकाबंदी पर तैनात हेड कांस्टेबल को थप्पड़ मारा, कहा- दो कौड़ी के पुलिसवाले, सस्पेंड करा दूंगी
कुशलगढ़ विधायक रमिला खड़िया की ओर से एक हेड कांस्टेबल को थप्पड़ मारने का मामला सामने आया है। मामले में हेड कांस्टेबल महेंद्र ने देर रात डेढ़ बजे कुशलगढ़ थाने में रिपोर्ट दी। यह पूरा मामला नागनाथ पुलिया पर नाकेबंदी के दौरान का है। जहां एक हेड कांस्टेबल महेंद्र सहित 2 कांस्टेबल, 2 होमगार्ड ने रास्ते से गुजर रहे एक वाहन चालक युवक से पूछताछ की।
युवक को रोकने पर वो हेड कांस्टेबल सहित अन्य जवानों से भिड़ गया और पुलिसकर्मी के शर्ट का कॉलर पकड़कर धमकाया कि तुम्हारी हिम्मत कैसे हुई मुझे रोकने की। महेंद्र ने भास्कर को बताया कि बाद में युवक ने विधायक रमिला खड़िया को फोन लगाया तो वह पूर्व उप जिला प्रमुख कांतिलाल पंचाल, रजनीकांत खाब्या और अन्य कुछ लोगों के साथ मौके पर आ गई।
विधायक सहित अन्य लोग भी कहने लगे कि दो कौड़ी के पुलिसवालों तुम्हें किसने कहा यहां खड़ा रहने के लिए। हिम्मत कैसे हुई हमारे आदमी को रोकने की। इस दौरान विधायक ने गालीगलौच शुरू कर दी और तैश में आकर मुझे थप्पड़ जड़ दिया। इसके बाद विधायक ने कुशलगढ़ सीआई प्रदीप कुमार को मौके पर बुलाया और जवानों के बारे में बुरा भला कहा। तब सीआई ने भी विधायक से समझाइश की कि नाकेबंदी चल रही है तो पूछताछ की होगी। फिर भी कुछ ऐसा कोई मामला है तो मैं दिखवाता हूं। लेकिन विधायक शांत नहीं हुई। काफी देर चले विवाद के बाद विधायक समर्थकों के साथ वहां से चली गई।
इधर, रिपोर्ट लिखने के बाद उसे थाने पर ही कांस्टेबल ने बताया कि मंगलवार से उसे लाइन में ड्यूटी देनी है। हालांकि इसकी लिखित आदेश जारी नहीं हुए थे। नाइट ड्यूटी ऑफिसर गणपत लाल ने बताया कि रिपोर्ट मिली है। उसे सीआई को दे दी है।
विधायक- मैं मौके पर गई पर थप्पड़ नहीं मारा
विधायक रमिला खड़िया से संपर्क किया तो उन्होंने थप्पड़ मारने से इनकार किया। उन्होंने कहा कि युवक अपने किसी परिचित को दवाई देने गया था और वापस लौट रहा था। उस दौरान हेड कांस्टेबल महेंद्र ने रोककर उसके साथ मारपीट की। तब मैं और कुछ लोग वहां पहुंचे और कहा कि क्यों मारपीट कर रहे हो। मास्क नहीं पहना हो तो कार्रवाई करो। तब वो कांस्टेबल बोलने लगा कि तुमने बनाया है नियम तो कार्रवाई कर रहे हैं। हम कोन हैं नियम बनाने वाले, सरकार के आदेश हैं। इसके बाद सीआई वहां आए और उन्हें पूरा मामला बताया। मैंने किसी को थप्पड़ नहीं मारा।
- मैंने डेढ़ बजे रिपोर्ट दी है। वहां कांस्टेबल ने मुझे बताया कि मंगलवार से मुझे लाइन में ड्यूटी देनी है। मैंने जब उससे आदेश मांगा तो उसने कहा कि ऐसा सीआई ने बोला है। हालांकि मुझे आदेश लिखित में नहीं मिला इसलिए मैं रिलीव नहीं हो रहा हूं। कल मिल जाएगा तो लाइन में ड्यूटी दूंगा। ड्यूटी ऑफिसर ने मुझसे कहा कि तेरे खिलाफ भी मुकदमा होने वाला है। - महेंद्रनाथ, हैड कांस्टेबल
- ऐसे किसी मामले की मुझे जानकारी नहीं है। इसलिए किसी को लाइन हाज़िर नहीं किया है। ऐसा कुछ हुआ है तो सुबह इसका पता लगाता हूं। - कावेंद्रसिंह सागर, एसपी
- नाकेबंदी के दौरान कुछ हॉटटॉक हुई थी तो हम भी पहुंचे थे। हालांकि मारपीट और थप्पड़ मारने जैसी कोई घटना नहीं हुई। - प्रदीप कुमार, सीआई, कुशलगढ़
रात दो बजे तक महेंद्रनाथ थाने पर ही था
विधायक रमिला खड़िया पिछले साल उठे सरकार में विधायकों की खरीद फरोख्त के समय चर्चा में आई थी। वहीं पहले भी कुशलगढ़ के एक सीआई की शिकायत को लेकर वह तत्कालीन एसपी से मिल चुकी थीं।


