राजस्थान में आज से बिगड़ सकता है मौसम:अगले 2 दिन फिर बादल, बारिश के आसार, चक्रवात प्रभावी हुआ तो ओले भी गिर सकते हैं; किसान खड़ी फसल खेत में न छोड़ें

राजस्थान में आज से बिगड़ सकता है मौसम:अगले 2 दिन फिर बादल, बारिश के आसार, चक्रवात प्रभावी हुआ तो ओले भी गिर सकते हैं; किसान खड़ी फसल खेत में न छोड़ें

राजस्थान में 11-12 मार्च को मौसम फिर से बिगड़ सकता है। बादल-बारिश की संभावना बन सकती है, क्योंकि राजस्थान के ऊपर से होकर पंजाब की ओर चक्रवात प्रभावी हो रहा है। अगर मजबूत बना तो ओले भी गिर सकते हैं। मौसम विशेषज्ञ आरके सिंह के अनुसार चक्रवात के कारण दक्षिण-पश्चिमी हवा चल रही है। इस कारण दिन के तापमान में थोड़ा उठाव आया है। बुधवार को अधिकतम तापमान 34.5 डिग्री दर्ज किया गया जो 0.5 अधिक है, लेकिन रात के तापमान में 0.3 डिग्री की कमी आई है। न्यूनतम तापमान 17.4 डिग्री दर्ज किया गया। इसलिए किसानों को चाहिए कि वे खेतों में कटी फसल को तुरंत सुरक्षित स्थान पर पहुंचाएं। साथ ही हालात को देखकर ही मंडी में माल लेकर आएं।

उल्लेखनीय है कि दो दिन पहले ही वैर/भुसावर/बयाना क्षेत्र में बारिश और ओले गिरे थे। मौसम में यह बदलाव राजस्थान के ऊपर दो दिन से बने पश्चिमी चक्रवात के असर से हुआ है। इस कारण बुधवार को आर्द्रता 11 प्रतिशत घटकर 52 प्रतिशत पर पहुंच गई।

हनुमानगढ़ में ओलावृष्टि से खेतों में खड़ी फसलें हुईं तबाह

मंगलवार रात नौ बजे नोहर तहसील क्षेत्र में हुई ओलावृष्टि ने भारी तबाही मचाई। ओलों ने किसानों की पकी-पकाई फसल तबाह कर दी। क्षेत्र में करीब 12 से अधिक गांवों में चना, सरसों व गेहूं की फसल पूरी तरह नष्ट हो गई। किसानों ने बताया कि रात में करीब आधे घंटे तक ओले गिरे। खेतों में ओलों से फसलें बिछ गईं। सबसे अधिक चने की फसल को नुकसान पहुंचा है। ओलावृष्टि से ललानियां, खरसंडी, नगरासरी, जबरासर, पांडूसर, श्योरानी, रातूसर, मेघाना, दुर्जाना, खरसंडी, रायसिंहपुरा, सूरपुरा, भोगराना, गंगोई, गिराजसर, ललाना उतरादा-दिखनादा, उदासर बड़ा, जोजासर आदि गांवों में ओलों ने भारी तबाही मचाई।

शाहजहांपुर किसान आंदोलन में बारिश ने मचाई तबाही, खाद्य सामग्री व बिस्तर भीगे

अलवर में हाईवे के शाहजहांपुर बॉर्डर पर किसान आंदोलन में बीती रात को हुई बारिश से तंबू गिर गए तथा किसानों का सामान-अस्त-व्यस्त हो गया। किसानों को रात भीगे बिस्तरों में निकालनी पड़ी।

बीकानेर में फसलें नष्ट

बीकानेर जिले के लूणकरणसर-महाजन क्षेत्र में भी किसानों पर मौसम की मार पड़ी। मंगलवार को हुई ओलावृष्टि से साढ़े चार सौ हैक्टेयर में करीब 90 प्रतिशत तक फसलें नष्ट हुई हैं। सरसों, चना और गेहूं की फसल ज्यादा बर्बाद हुई है।