टीकाकरण: वास्तव में आप वरिष्ठ हो, 6 दिन में 27165 ने लगवाए टीके
कोरोना वैक्सीन लगवाने को लेकर जहां हैल्थ वर्कर बचते हुए नजर आए। वहीं, बुजुर्गों में गजब का उत्साह है। जिले में अब तक 27165 बुजुर्ग टीका लगवा चुके हैं। शनिवार को भी 5960 बुजुर्गों ने टीका लगवाया। इस दिन जिले में 52 साइटों पर 520 लोगों को दूसरी और 6612 लोगों को पहली डोज लगाई गई।
जब भास्कर संवाददाता ने टीके को लेकर बुजुर्गों से बात की तो बिंदास बोले-कोरोना से अब डरो ना। यह टीका पूरी तरह सुरक्षित है। जब प्रधानमंत्री से लेकर मुख्यमंत्री और तमाम लोग लगवा रहे हैं तो फिर डर कैसा। हमें भी कोई परेशानी नहीं हुई।
हमने अब अपना आगे का जीवन सुरक्षित कर लिया है। सेढ़ का मढ़ स्थित गोपालगढ़ मोहल्ले में रहने वाले 66 वर्षीय जलदाय विभाग के रिटायर कर्मचारी सत्यप्रकाश फौजदार ने कहा कि वैक्सीन की कई स्तर पर ट्रायल हो चुकी हैं। फिर इससे खतरा कैसा। किसी को भी भ्रमित नहीं होना चाहिए।
मुझे भी टीका लगवाने में कोई डर नहीं लगा। न ही दिमाग में किसी तरह का भ्रम था। वैक्सीन लगवाते समय अस्पताल स्टाफ ने भी प्रोत्साहित किया। उल्लेखनीय है कि अब तक कुल 11333 फर्स्ट डोज और 6756 सेकंड डोज हेल्थ वर्करों ने लगवाई। वहीं, अब तक कुल 11845 फर्स्ट डोज और 1228 सेकंड डोज फ्रंटलाइन वर्करों ने लगवाई।
इनसे लें सीख - 92 साल की रामकली ने भी लगवाई वैक्सीन
वैर सीएचसी पर 92 वर्षीय रामकली देवी ने कोरोना वैक्सीन लगवाने के बाद अन्य लोगों को भी वैक्सीन लगवाने के लिए प्रेरित किया। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ कार्यकर्ता व विभाग के सामाजिक समरसता संयोजक भरतपुर विभाग के बालचंद शर्मा ने बताया कि उन्होंने तथा उनकी माता रामकली देवी आयु 92 वर्ष ने सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पहुंचकर कोरोना की वैक्सीन लगवाई तथा अन्य लोगो को भी वैक्सीन लगवाने के लिये प्रेरित किया। अधिवक्ताओं ने भी सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में कोरोना की वैक्सीन लगवाने पहुच रहे है।
वहीं तहसीलदार राजेश मीना, नायब तहसीलदार सुरेश चंद, गिरदावर महेन्द्रपाल, भगवानसिंह ने कस्बे में कोरोना वैक्सीन लगवाने के लिए लोगों को जागरूक किया। कोविड वैक्सीनेशन के तृतीय चरण में 60 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों तथा 45 से 59 वर्ष की आयु के गंभीर बीमार व्यक्तियों के लिये वैक्सीन लगाई जा रही है।
सीनियर सिटीजन बोले-कोरोना से डरो न, वैक्सीन लगवाओ, सुरिक्षत है
कोई शंका नहीं थी, पत्नी संग लगवाया टीका : गिरधारी
अध्यापक पद से सेवानिवृत कृष्णा नगर निवासी 70 वर्षीय गिरधारी लाल माथुर बताते हैं वैक्सीन को लेकर कोई शंका नहीं थी। हम अपना जीवन सुरक्षित कर रहे हैं। मैंने पत्नी प्रेमलता को भी साथ ले जाकर उसे भी टीका लगवाया।
साइड इफेक्ट का केस नहीं, मेरा डर निकल गयाः लालचंद
कंजौली लाइन निवासी लालचंद दीक्षित बोले-मैं सेवानिवृत अध्यापक हूं। रोजाना अखबार पढ़ता हूं। जिले में साइड इफेक्ट का कोई केस सामने नहीं आया तो हमारा भी डर निकल गया।
हार्ट रोगी हूं, छल्ले डले हैं, फिर भी डर नहीं लगा: मानसिंह
बुध की हाट निवासी 67 वर्षीय पूर्व रेंजर मान सिंह ने बताया कि मैं हार्ट का रोगी हूं। मेरा ऑपरेशन हो चुका है, छल्ले डले हैं। प्रोस्टेट और सांस की भी दिक्कत है। फिर भी वैक्सीन लगवाने से मुझे डर नहीं लगा।


