प्रेमियों ने ट्रेन के सामने कूद जान दी: एक-दूसरे का हाथ पकड़ ट्रेन के सामने खड़े हो गए, ड्राइवर हॉर्न बजाता रहा, लेकिन ट्रैक से नहीं हटे, मौत

प्रेमियों ने ट्रेन के सामने कूद जान दी: एक-दूसरे का हाथ पकड़ ट्रेन के सामने खड़े हो गए, ड्राइवर हॉर्न बजाता रहा, लेकिन ट्रैक से नहीं हटे, मौत
प्रेमप्रसंग में युवक व युवती ने जयपुर में गोनेर रोड पर रविवार देर रात को ट्रेन के सामने आकर खुदकुशी कर ली। सिबॉलिक इमेज।

जयपुर के खोनागोरियान इलाके में रविवार देर रात एक युवक और युवती ने एक दूसरे का हाथ थामकर ट्रेन के सामने छलांग कर खुदकुशी कर ली। घटना गोनेर रोड पर दांतली फाटक के पास रविवार रात करीब 11 बजे की है। ट्रेन की चपेट में आने से दोनों के शव क्षत विक्षत हो गए। इस कारण घटना के करीब 10 घंटे बाद भी शवों की शिनाख्त नहीं हो सकी है। पुलिस ने शवों को जेएनयू अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। मामला प्रेम प्रसंग का है।

थानाप्रभारी भवानी सिंह ने बताया कि मृतक युवक की उम्र करीब 30-32 साल है। वहीं, मृतका युवती की उम्र करीब 22 से 25 साल के बीच है। युवक ने काले रंग का पायजामा और लाल रंग की टीशर्ट पहन रखी थी। युवती ने लाल रंग की टीशर्ट और स्लेटी रंग का पजामा पहना था। युवती के हाथ में एक ब्रेसलेट है, जिस पर पिंकी लिखा हुआ है। प्रथमदृष्टया मामला प्रेमप्रसंग से जुड़ा नजर आ रहा है। युवक व युवती के कपड़ों से पुलिस का मानना है कि वे यहीं किसी फ्लैट या पीजी में रहते होंगे।

ड्राइवर के हॉर्न बजाने के बाद भी ट्रैक से नहीं हटे
प्रारंभिक जानकारी में सामने आया कि रविवार रात को एक ट्रेन गुजर रही थी। तभी दांतली फाटक के पास ट्रेन के ड्राइवर को एक युवक और युवती ट्रैक पर नजर आए। यह देखकर ड्राइवर ने जोर-जोर से हॉर्न बजाया। दोनों रेलवे ट्रैक से दूर नहीं हटे और एक-दूसरे का हाथ पकड़कर खड़े हो गए। इस बीच तेज रफ्तार ट्रेन ने युवक और युवती को चपेट में ले लिया। दोनों की मौके पर मौत हो गई। इसके बाद ड्राइवर ने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद शव खोनागोरियान पुलिस को सुपुर्द किए गए।