धौलपुर के बीलपुर गांव में बाल विवाह की घटना: शिकायत के बाद भी नहीं पहुंचे अफसर 14 वर्षीय नाबालिग की हो गई शादी, तहसीलदार और थाने से मांगी रिपोर्ट

धौलपुर के बीलपुर गांव में बाल विवाह की घटना: शिकायत के बाद भी नहीं पहुंचे अफसर 14 वर्षीय नाबालिग की हो गई शादी, तहसीलदार और थाने से मांगी रिपोर्ट
जिला प्रशासन समेत तमाम संस्थाएं गांव-गांव में शिविर लगाकर लोगों को बाल विवाह के लिए जागरूक करती रहती हैं।

बाल विवाह रुकवाने में जिला प्रशासन की बड़ी लापरवाही सामने आई है। सूचना दिए जाने के बावजूद अफसर मौके पर नहीं पहुंचे और 14 साल की नाबालिग का विवाह हो गया। वह भी तब जबकि जिला प्रशासन समेत तमाम संस्थाएं गांव-गांव में शिविर लगाकर लोगों को बाल विवाह के लिए जागरूक करती रहती हैं।

हुआ यह है कि धौलपुर उपखंड के बीलपुर गांव में 30 जून, 2021 को एक नाबालिग बालिका की शादी तय हुई थी। इसे रुकवाने के लिए चाइल्ड लाइन समन्वयक रीना ने 21 जून को ही धौलपुर एसडीएम, तहसीलदार, बाल कल्याण समिति अध्यक्ष और संबंधित थाना प्रभारी को सूचित कर दिया था। लेकिन, प्रशासनिक अधिकारियों ने इस शादी को रुकवाने के लिए कोई प्रयास ही नहीं किए।

अब ये अधिकारी टालमटोल वाला रवैया अपनाते हुए एक-दूसरे पर जिम्मेदारी डाल रहे हैं। इधर, चाइल्ड लाइन ने भी बाल विवाह रुकवाने के लिए जिला प्रशासन के अफसरों को पत्र लिखने के बाद चाइल्ड लाइन के लोग भी बेफिक्र हा़े गए। लेकिन, जब नाबालिग का विवाह होने की सूचना सामने आई तो अब चाइल्ड लाइन और प्रशासनिक अफसरों में हड़कंप मचा है।

उल्लेखनीय है कि बसेड़ी क्षेत्र में भी पिछले दिनों पुलिस के पाबंद करने के बावजूद परिजनों ने भरतपुर जाकर नाबालिग का विवाह कर दिया था। इस पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने भरतपुर में जांच कराई तो पचा चला कि वह शादी धौलपुर में ही हुई थी। इस प्रकरण की भी विधिक सेवा प्राधिकरण ने संबंधित थाने से तथ्यात्मक रिपोर्ट मांग रखी है।

ग्रामीणों ने जगाया, तब चाइल्ड लाइन को पता चला कि विवाह हुआ

इधर, गांव के कुछ जागरुक लोगों ने 4 जुलाई को पत्र लिखकर चाइल्ड लाइन के लोगों को बताया कि 21 जून को सूचना दिए जाने के बावजूद उस नाबालिग बच्ची का घर वालों ने 30 जून को चोरी-छिपे बाल विवाह कर दिया है। तब जाकर चाइल्ड लाइन की भी नींद खुली। इन ग्रामीणों ने दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की।

आप भी पढ़िए जिम्मेदारों के गैर जिम्मेदार जवाब

बाल विवाह की सूचना प्रशासन को दे दी थी- रीना

30 जून को बीलपुर सुआ का बाग में नाबालिग के विवाह की सूचना मिली थी। तुरंत एसडीएम, तहसीलदार, बाल कल्याण समिति और थाना प्रभारी को सूचित कर दिया था। बाद में ग्रामीणों ने पत्र लिखकर बताया है कि पाबंद कराने के बाद भी बाल विवाह हा़े गया है। आगे से ऐसा न हो, इसलिए प्रशासन को दुबारा सूचित किया है।
- रीना, समन्वयक, चाइल्ड लाइन

ये अपराध तो हो गया, थाने से जवाब मांगेंगे- मीना

बाल विवाह का ये अपराध तो हा़े गया। इसकी शिकायत चाइल्ड लाइन वाले लाए थे। हमनें नाबालिग बच्ची की डिटेल मांगी थी। अब संबंधित थाने से भी जवाब मांगेंगे कि पाबंद करने के बावजूद बाल विवाह कैसे हो गया। इसके एक्शन संबंधितों पर एक्शन लेंगे।
-मीना अवस्थी, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण

बाल विवाह कैसे हो गया, मैं तहसीलदार से रिपोर्ट लेती हूं- एसडीएम

बीलपुर गांव में बाल विवाह होने का मुझे अभी पता चला है। मैं इस बारे में तहसीलदार से बात करती हूं। मैं उनसे इसकी तथ्यात्मक रिपोर्ट मांग रही हूं। -भारती भारद्वाज, एसडीएम धौलपुर