आरसीए VS डीसीए: डीसीए सचिव बोले- गहलोत मुझे हटाना चाहते हैं , वैभव गहलोत ने कहा- सचिव सही हैं तो जांच में सहयोग करें
जिला क्रिकेट संघ की गतिविधियों काे लेकर उप रजिस्ट्रार की ओर से की जा रही जांच पर अब आरसीए अध्यक्ष वैभव गहलोत की भी एंट्री हो चुकी है। मामले के चर्चा में आने के बाद गहलोत ने कहा कि उनका इस जांच से कोई लेना देना नहीं हैं, संस्थाएं स्वतंत्र है वह अपने स्तर पर जांच कर सकती है। अगर कोई दिक्कत नहीं है तो डीसीए के पदाधिकारियों काे जांच में सहयोग करना चाहिए।
इस बयान के बाद बांसवाड़ा जिला क्रिकेट संघ के सचिव नृपजीत सिंह सुरपुर ने साफ कहा कि जब आरसीए और वैभव गहलोत का कोई रोल नहीं है तो फिर जांच अधिकारी एक के बाद एक नोटिस क्यों दिए जा रहे हैं, पहले नोटिस के जवाब को देखे बिना ही फिर से नोटिस थमाया जा रहा है। इससे राजनीति साफ झलक रही है। सचिव सुरपुर यहां भी नहीं रुके और कहा कि मुझे जब भी आरसीए संरक्षक सीपी जोशी और अध्यक्ष गहलोत से मिलने जाता हूं ताे वह एक-दूसरे भेज देते हैं।
इधर, जिला क्रिकेट संघ की जांच कर उप रजिस्ट्रार परेश पंड्या ने जांच के बीच ही हाईकोर्ट का रुख करते हुए कैविएट लगाई है। जिसमें लिखा है कि आदेश पत्र क्रमांक 1050 दिनांक 29.7.21 के विरुद्ध याचिका लग सकती है, इस पर कोई आदेश जारी करने से पूर्व रजिस्ट्रार सहकारी संस्था को सुना जाए।
संस्थाएं जांच के लिए स्वतंत्र है, हमारा कोई लेना-देना नहीं - वैभव गहलोत
1. आप पर आरोप लगाया जा रहा है कि आप सचिव को हटाना चाहते हैं?
- ये गलत है, हम किसी को क्यों हटाएंगे। जो संस्था जांच कर ही है वह स्वतंत्र है, अगर सही है तो जांच में सहयोग करना चाहिए।
2. जांच क्यों की जा रही है, क्या कारण?
- यह तो हम क्या बता सकते हैं। सहकारी समिति जांच कर सकती है। वही ज्यादा बता सकते है। इसमें हमारा कोई रोल नहीं हैं।
3. क्या इसमें आपको कोई शिकायत मिली है?
- जिले में सहकारी समिति में उप रजिस्ट्रार ही आपको बताएंगे। अगर वे जांच कर हे हैं तो किसी कारण के कर रहे होंगे।
जवाब पढ़े बगैर दूसरा नोटिस देना राजनीति नहीं तो क्या है, एडहॉक कमेटी बनाने की कोशिश हो रही: डीसीए सचिव
1. आरसीए अध्यक्ष ने कहा कि उनका कोई रोल नहीं जांच संस्था कर रही है?
- लगातार नोटिस देना क्या है। राजनीति कर रहे हैं, हटाना नहीं चाह रहे हैं तो ये क्या कर रहे हैं। हर बार एडहॉक कमेटी बनाने की कोशिश हो रही है।
2. आप की लास्ट समय आरसीए अध्यक्ष गहलोत से मुलाकात कब हुई?
- मेरी मुलाकात फरवरी-मार्च में हुई थी। जब मुझे एजीएम की बैठक में नहीं बुलाया गया। तब भी मैं सीपी जोशी के यहां गया, उन्होंने वैभव गहलोत के पास जाने को कहा, गहलोत मुझे सीपी जोशी के पास भेजते हैं। उस समय मैंने वैभव गहलोत को कहा कि मुझे क्यों नहीं बुलाया, तो उन्होंने कहा कि कोर्ट में कोई मामला है आपका, मैंने कहा कि कोई मामला नहीं हैं। उसके बाद नहीं मिला।
3. आपको हटाना क्यों चाहते हैं?
- इस बारे में तो मैं क्या बता सकता हूं, मैंने वैभव गहलोत को वोट दिया है। मैं कोई राजनीति नहीं करना चाहता केवल बांसवाड़ा में क्रिकेट चाहता हूं। जिसमें गहलोत जी का भी सहयोग चाहता हूं।
हर बार स्टे लाते रहे, इसलिए इस बार डीसीए की जांच के बीच उप रजिस्ट्रार ने हाईकोर्ट में लगाई कैविएट
जिला क्रिकेट संघ की गतिविधियों को लेकर की जांच के बीच उप रजिस्ट्रार की ओर से हाईकोर्ट में कैविएट दाखिल की है। इससे पहले भी जिला क्रिकेट संघ के चुनाव को लेकर उप रजिस्ट्रार की ओर से जांच की थी, जिसके बाद एडहॉक कमेटी का भी गठन किया गया। हर बार जिला क्रिकेट संघ की ओर से हाईकोर्ट में एडहॉक कमेटी के खिलाफ याचिका लगाई गई, जिससे हर बार जिला क्रिकेट संघ को स्टे मिल गया। जिसके देखते हुए उप रजिस्ट्रार ने इस बार जांच के साथ पहले ही कैविएट लगा दी है, ताकि कोर्ट उसका भी पक्ष को पहले सुने।


