नकबजनी की वारदातें करने वाली गैंग का खुलासा:हाइवे के किनारे वाले गांव-कस्बों को बनाते थे निशाना, बोलेरो से पहुंचते, चोरी कर फरार हो जाते थे
चारभुजा पुलिस ने चोरी और नकबजनी के आरोप में गैंग को पकड़ गुरुवार को वारदातों का खुलासा किया। पुलिस ने चोरी और नकबजनी के आरोप में 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एक नाबालिग निरुद्ध किया गया है। आरोपियों के कब्जे से दो बोलेरो कार भी जब्त की हैं। पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय में पेश किया। जहां से उन्हें पुलिस रिमांड पर सौंप दिया गया। पकड़े गए आरोपियों ने जिले सहित राज्य में 12 वारदातें पुलिस पूछताछ में कबूल की हैं।
चोरी और नकबजनी की वारदातों का खुलासा करने के लिए चारभुजा थाना अधिकारी भवानीशंकर के नेतृत्व में टीम का गठन किया गया था। टीम ने नकबजनी और चोरी के पेंडिंग मामलों में अपराधियों के वारदात के तरीके और घटनास्थलों पर मिले सबूतों का मिलान किया। थाना सर्कल में करड़ो का गुड़ा, साथिया, जोज, जस्साजी का गुड़ा में हुई नकबजनी की घटनाओं में अपराधियों की धरपकड़ के लिए मुखबीर तंत्र, घटनास्थल और आस पास के क्षेत्र में रहने वाले लोगों से जानकारी जुटाई। थाना सर्कल में हुई नकबजनी की घटनाओं में बाहर की गैंग कें संलिप्त होने की जानकारी मिली।
18 फरवरी को टीम को जिला चित्तौड़गढ़ के पारसोली और बेंगु थाना सर्कल पहुंच प्राप्त जानकारी के आधार पर संदिग्ध आरोपियों की थाना बेंगु सर्कल के जोगणिया माता, रायता, ठुकराई, पालका, चंदाखेडी, काटुन्दा मोड, मेघनिवास, सुवाणिया, शादी, बाघपांचली खेडी, कालाबोर व पारसोली क्षेत्र में दो दिन तक सघन तलाशी अभियान शुरू किया। कार्रवाई में एक संदिग्ध, बोलेरो वाहन के साथ 5 लोगों को डिटेन कर थाने पर लाया गया। आरोपियों की करड़ो का गुड़ा गांव में नकबजनी की वारदात में संलिप्तता पाई जाने पर गिरफ्तार किया गया। न्यायालय में पेश कर न्यायालय से पीसी रिमाण्ड पर लिया गया। एक अन्य बोलेरो कार को आरोपियों ने गैरिज में काम करवाने के लिए भीलवाड़ा में रखा हुआ था, उसे भी जब्त किया गया। आरोपियों ने पीसी रिमांड पर अन्य आस पास के क्षेत्रों व अन्य थाना सर्कलों में हुई चोरियों के बारे में भी कबूल किया।
satveer 

