श्रीविजयनगर का मामला:पति कोर्ट में पहुंचा, बोला-पत्नी कहती है तुम काले हो, मैं तुम्हारे साथ नहीं रहूंगी...अब मुझे न्याय चाहिए

श्रीविजयनगर का मामला:पति कोर्ट में पहुंचा, बोला-पत्नी कहती है तुम काले हो, मैं तुम्हारे साथ नहीं रहूंगी...अब मुझे न्याय चाहिए

अभी तक आप पति की ओर से पत्नी को यातनाएं देने की घटना के बारे में बहुत सुना और पढ़ा भी होगा लेकिन कोर्ट के सामने एक ऐसा मामला सामने आया है जहां पीड़ित एक पति है। और प्रताड़ित करने का आरोप उसने अपनी पत्नी पर लगाया है। इस शख्स का नाम सुमित। सुमित वार्ड नं. 6 में रहता है। सुमित ने अपनी पत्नी पर मानसिक, आर्थिक और शारीरिक रूप प्रताड़ित करने का आराेप लगाते हुए इस्तगासे के आधार पर पुलिस में मुकदमा दर्ज करवाया है।

सुमित ने कोर्ट के जरिये इस्तगासा मुकदमा दर्ज करवाया कि उसकी शादी डेढ़ वर्ष पूर्व सुमरती से हुई थी। उसके एक पुत्री भी है। इसके बावजूद उसकी पत्नी उसके साथ बसने से इंकार कर रही है। सुमित का कहना है कि शादी के समय से ही उसकी पत्नी उसका रंग काला बताकर उसके साथ घर बसाने से इंकार कर रही है। इस संबंध में पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पति बोला-50 हजार रु. भी लिए और मारपीट कर घर से सामान भी ले गई

युवक सुमित ने बताया कि शादी में किसी भी प्रकार का काेई दान दहेज नहीं लिया गया। सुमित ने बताया कि उसकी पत्नी ने दुर्घटनाग्रस्त अपने भाई का इलाज करवाने के लिए 50 हजार रुपए उससे लिए थे। उसके ससुराल वालाें द्वारा उक्त रुपए भी लाैटाने से इनकार कर दिया। इस दाैरान हुई पंचायत में घर बसाने का आश्वासन दे दिया। लेकिन 11 फरवरी 2021 को सुमरती के साथ ही उसके पिता कृष्णलाल, भाई राजकमल व सोनू आए।

शाम को पत्नी सुमरती ने सुमित के भोजन में कोई नशीला पदार्थ मिलाकर उसे खिला दिया। नशा हाेने पर उसके साथ मारपीट की और गालियां भी निकाली। सुमित द्वारा शोर मचाने पर और पड़ौसी भी आ गए। रात्रि में घर से कीमती धातुओं के साथ ही 25 हजार रुपए नकदी भी अपने साथ ले गए।