हसन खां में कार्यालय पर जनसुनवाई करते सांसद महंत बालकनाथ:राजस्थान के 5 बजट अलवर को नहीं दिला पाए पानी : सांसद बालकनाथ
हसन खां स्थित सांसद कार्यालय पर बुधवार काे जनसुनवाई कार्यक्रम रखा गया। इसमें अलवर लोकसभा के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे आमजन से मुलाकात करते हुए सांसद बालकनाथ ने उनकी समस्याओं के निस्तारण के लिए संबंधित विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया।
पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि राजस्थान सरकार द्वारा पहले बजट में ही जिले के लिए कई हजार करोड़ रुपए की योजना की घोषणा करते हुए अलवर जिले वासियों को पेयजल उपलब्ध करवाने की बात कही थी, जो आज तक धरातल पर नहीं उतर सकी है। इसके बाद ईसरदा बांध से पानी पहुंचाने का जिलेवासियों को भरोसा दिया गया। वह योजना भी आज तक अधूरी ही है। राजस्थान के 5 बजट भी अलवर जिले काे पानी नहीं दिला पाए। उन्हाेंने इसे सरकार की कथनी व करनी में अंतर बताया।
सांसद ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने जनता से जो वादे किए उन्हें पूरा करने में कोई कसर नहीं छोड़ी है। केंद्र सरकार द्वारा जल जीवन मिशन योजना का सर्वाधिक बजट जिले वासियों को दिया गया है जिससे कि जिले में पानी की समस्या का निस्तारण हो सके। हाल ही में दिल्ली मुंबई एक्सप्रेस वे का लोकार्पण व पनियाला मोड़ से बड़ौदामेव अलवर के बीच हाईवे का शिलान्यास केंद्र सरकार की विकासवादी सोच का ताजा उदाहरण हैं।
Naresh Chouhan 

