लॉकडाउन से पहले दूसरों के सहारे जीती थीं, अब संभाल रहीं 850 महिलाओं के 4 वार्ड
ये कहानी है उन सात महिलाओं की जो अपना घर आश्रम में अलग-अलग प्रांतों से बेसहारा और बेसुध स्थिति में आईं। लेकिन इन्होंने कोरोना के लॉकडाउन में आपदा को अवसर में बदल दिया। अब वे स्वयं का ही ध्यान नहीं रखती, बल्कि 850 अन्य बेसहारा महिलाओं के स्वास्थ्य, स्वच्छता और भोजन का प्रबंध देखती हैं। इनमें सिमरोजा और नमिता को छोड़कर सभी नॉन ग्रेजुएट हैं। लेकिन स्थितियों ने इन्हें अब अच्छा स्वास्थकर्मी बना दिया है।
क्योंकि ये सहेलियां आश्रम में भर्ती अन्य महिलाओं का मेडिकल अरेजमेंट भी देखती हैं। इस बदलाव की शुरुआत कोरोना लॉकडाउन से हुई। अपना घर आश्रम की प्रशासनिक अधिकारी बबीता गुलाटी बताती हैं कि सरकार द्वारा लॉकडाउन की घोषणा के साथ ही हमने भी सख्ती से आश्रम में बाहरी लोगों के प्रवेश पर पाबंदी लगाई। स्टाफ को भी बाहर आने-जाने से रोक दिया। इसी दौरान एक प्रभुजी/महिला कोरोना पॉजिटिव हो गई। उससे कुछ और लोग पॉजिटिव हुए तो स्टाफ की कमी आ गई। ऐसे में दो-दो वार्ड को एक-एक कर्मचारी के भरोसे ही रह गए।
दिक्कतें थी, ऐसे में सह संस्थापिका डॉ. माधुरी भारद्वाज ने प्रतिदिन वार्डों में जाकर महिला प्रभुजी को मोटिवेट किया। फलस्वरूप सिमरन, सोनिया, नमिता, सोनम, गुंजन, सिमरोजा और तानिया सहित कुछ और महिला प्रभुजी अपनी स्वयं की दिनचर्या बिना किसी के सहयोग से करने लगीं।
किंतु ये सात महिला प्रभुजी अन्य महिलाओं की सेवा में जुट गईं। उन्होंने चार वार्डों को संभालना प्रांरभ कर दिया। अब ये सातों महिलाएं चार वार्डों की आवासी 850 महिला प्रभुजी को प्रतिदिन दवा, भोजन, सफाई की जिम्मेदारी संभालती हैं। ज्ञात रहे कि आश्रम में अधिकांश महिलाएं मानसिक रोगों से पीड़ित हैं। ऐसे में इन्हें तीन से पांच दफा दवाई देनी होती है।
यूनिफार्म भी सिलने लगीं
इन सात सहेलियों सहित ऐसी सभी आवासी महिला जो सामान्य होती जा रही हैं और उनके परिजन उन्हें अभी भी स्वीकार नहीं कर रहे हैं। उन्हें स्वरोजगार से भी जोड़ जा रहा है। इन सभी को सिलाई, ब्यूटीपार्लर, बागवानी आदि के काम सिखाए जा रहे हैं। यह महिलाएं अब सभी 6 हजार से ज्यादा आवासियों के लिए यूनिफार्म सहित आश्रम में काम आने वाले सभी कपड़ों की सिलाई भी करती हैं।
कोई सिख तो कोई जाट-मराठा
सात सहेलियों के इस समूह में सामाजिक सौहार्द भी दिखाई देता है। क्योंकि इनमें सिख, जाट, वैश्य, ब्राह्मण, मराठा और मुस्लिम भी हैं। संयोग से इनके प्रांत भी अलग-अलग हैं। मसलन, सिमरन पंजाब से, सोनिया अलवर राजस्थान, नमिता भोपाल मध्यप्रदेश, सोनम महाराष्ट्र, गुंजन फरीदाबाद हरियाणा, सिमरोजा मुंबई और तानिया दिल्ली से है।
इनमें सिमरोजा पीएचडी/पीडीएफ, सोनिया बीएससी नर्सिंग अैर गुंजन बीए है। यह सभी 2016 से लेकर 2020 के दौरान अपना घर में भर्ती हुईं। अब शारीरिक एवं मानसिक रूप से स्वस्थ्य हैं। अपने घर भी जाना चाहती हैं, लेकिन परिवार वाले स्वीकार नहीं रहे। वैसे अपना घर प्रबंधन परिवार वालों की काउंसलिंग कर रहा और उम्मीद जल्द परिवार वाले इन्हें अपना लेंगे। इनमें उल्लेखनीय है कि अपना घर आश्रम में 3046 आवासी हैं।


