मासूम से दरिंदगी:घर से टॉफी लेने निकली 7 साल की मासूम को उठा ले गया 45 साल का हैवान, दो घंटे बाद लहुलुहान हालत में मिली
मथुरा गेट इलाके में मंगलवार को भरी दोपहर हुई दरिंदगी ने पूरे शहर को झकझोर दिया। दरअसल, घर से पास की दुकान पर टॉफी लेने निकली 7 साल की मासूम को 45 साल का नशेड़ी हैवान जबरन उठाकर घर में ले गया। वहां उससे दरिदगी की। करीब दो घंटे बाद लहुलुहान हालत में मिली बच्ची को देखकर परिजनों के साथ आसपास के लोगों को गुस्सा भी फूट पड़ा।
भीड़ ने आरोपी को जमकर धुना। बाद में पुलिस ने उसे भीड़ से बचाकर किसी तरह आरबीएम अस्पताल पहुंचाया। इधऱ, पीड़ित बालिका का भी मेडिकल मुआयना कराया गया है। थाना प्रभारी लक्ष्मण सिंह ने बताया कि घटना दोपहर करीब 1 बजे की है जब पीड़िता घर से 10 रुपए लेकर टॉफी-बिस्कुट लेने निकली थी। जब वह काफी देर तक नहीं लौटी तो घर वालों ने उसकी इधऱ-उधर तलाश की।
इस बीच उसे आरोपी ने उसे घर केे बाहर धक्का दिया था। तभी परिजनों ने उसे लहुलूहान हालत में देख लिया। कमरे में बच्ची के 10 रुपए भी मिले हैं। पिटाई से मुल्जिम हरि सिंह बेहोश हो गया। वह अभी तक बोलने की स्थिति में नहीं है। इसलिए उससे पूछताछ भी नहीं हो पुलिस ने पीड़िता के पिता की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर पोक्सो एक्ट में मामला दर्ज किया है। बाद में बाल कल्याण समिति की सदस्य अनुराधा शर्मा ने अस्पताल जाकर बच्ची से घटना की जानकारी ली।
घर का कोई सदस्य मिलने तक नहीं आया
थाना प्रभारी लक्ष्मण सिंह ने बताया कि मुल्जिम हरिसिंह नशेड़ी है। इलाके में लोग उसे कुत्ते वाले बाबा के नाम से जानते हैं। घटना के समय वह अकेला था। उसकी आदतों से तंग आकर पत्नी पहले ही छोड़ चुकी है। परिवार के अन्य सदस्यों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। लेकिन, देर रात तक परिवार का कोई सदस्य अस्पताल में उससे मिलने भी नहीं आया।
अब जल्दी इंसाफ चाहिए
झुंझुनूं में 2 साल पहले 3 साल की मासूम से दरिंदगी के मामले में पुलिस ने 11 दिन में ही जाच पूरी करके चालान पेश किया था। उसे 29 दिन में ही कोर्ट ने फांसी की सजा सुनाई थी। आज वैसा ही इंसाफ हमें भी चाहिए।


