3 दिन में दुष्कर्म का दूसरा मामला: अर्द्ध सैनिक बल में तैनात युवती का अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी देकर 3 साल से रेल कर्मी कर रहा दुष्कर्म, डेढ़ लाख रुपए भी ऐंठ लिए
जिले के कोलवा थाने में एक युवती ने गुरुवार को दुष्कर्म का मामला दर्ज कराया है। पीड़िता अर्द्धसैनिक बल चेन्नई में तैनात है। पीड़िता ने आरोप लगाया है कि तीन साल पहले मुंबई रेलवे में कार्यरत आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया था। तब अश्लील वीडियो बना लिए थे। तब से अब तक वह अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी देकर लगातार दुष्कर्म कर रहा है। उसके अत्याचार से परेशान युवती ने अब मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने मामले की जांच बसवा थाना प्रभारी धारा सिंह को सौंपी है।
पीड़िता से डेढ़ लाख रुपए भी ऐंठ लिए
पीड़िता ने रिपोर्ट में बताया कि हाज्या का बास निवासी आरोपी रेलवे में बतौर गैंगमैन मुंबई में तैनात है। वह पिछले तीन साल से अश्लील फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उसके साथ न केवल दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दे रहा है, बल्कि कई बार कैश भी ले चुका है। ऐसे में अब तक वह करीब डेढ़ लाख रुपए ले चुका है।
दो बार तुड़वा चुका है शादी
पीड़िता ने बताया कि वायरल वीडियो से वह दुष्कर्म के अलावा पैसे भी ऐंठ रहा है और अन्य कई तरह से वह परेशान कर रहा है। उसकी दो बार शादी भी तय हो गई थी, लेकिन आरोपी ने दोनों बार तुड़वा दी। वह वीडियो ससुराल वालों को भेजने की धमकी देकर शादी में भी रोड़ा बना हुआ है। ऐसे में परेशान होकर उसने कोलवा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
एक ही थाने में तीन दिन में दूसरा मामला
दो दिन पूर्व भी बांदीकुई थाने में एक महिला ने मीटिंग के बहाने होटल में बुलाकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कराया था। अब गुरुवार को भी एक और दुष्कर्म का मामला दर्ज किया गया है।


