5 दिन से लापता 8वीं की छात्रा जयपुर में मिली घर से स्कूल जाने के लिए निकली थी, गुल्लक तोड़कर पैसे ले गई थी साथ

5 दिन से लापता 8वीं की छात्रा जयपुर में मिली घर से स्कूल जाने के लिए निकली थी, गुल्लक तोड़कर पैसे ले गई थी साथ
छात्रा काफी घबराई हुई है और उसने परिजनों को कुछ नहीं बताया है।

टोंक जिले के नगर फोर्ट थाना क्षेत्र के फुलेता गांव से 5 दिन पहले लापता हुई 12 वर्षीय छात्रा जयपुर में अपने चाचा के घर मिली है। उनियारा थाना पुलिस ने सोडाला स्थित चाचा के घर से छात्रा को बरामद कर लिया है। पुलिस ने छात्रा का अस्पताल में मेडिकल करवाया और बाल संप्रेषण गृह में पेश किया। जहां से छात्रा की इच्छा पर उसे परिजनों को सौंप दिया गया।

जानकारी के अनुसार फुलेता निवासी भागचंद जांगिड़ की 12 वर्षीय पुत्री खुशी जांगिड़ एक निजी स्कूल में कक्षा 8 में पढ़ती है। खुशी जांगिड़ 18 जनवरी को सुबह 10 बजे स्कूल जाने के लिए बैग लेकर निकली थी, लेकिन स्कूल नहीं गई । शाम 4 बजे स्कूल छुट्टी के बाद भी छात्रा घर नहीं लौटी तो परिजनों ने तलाश शुरू कर दी। काफी तलाश करने के बाद भी उसका कहीं पता नहीं चला तो पुलिस में शिकायत दी। पुलिस ने परिजनों एवं ग्रामीणों की मदद से छात्रा को काफी तलाश किया, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लगा। छात्रा अपने गुल्लक को फोड़ कर उसमें रखे पैसे भी ले गई थी।

पुलिस को शनिवार रात को सूचना मिली कि वह जयपुर में किराए के मकान में रहने वाले उसके चाचा के घर पहुंच गई, लेकिन उस समय उसके चाचा भी उसकी तलाश में फुलेता गांव आए हुए थे। जयपुर से उसके मकान मालिक की सूचना पर उसके चाचा ने जयपुर में रहने वाले मामा को छात्रा के पास भेजा। फिर छात्रा की तबीयत खराब होने पर उन्होंने उसे अस्पताल में भर्ती कराया। उधर छात्रा की जानकारी मिलने पर नगर फोर्ट थाने के एएसआई रतनलाल मीणा ने छात्रा को डिटेन किया और उसका मेडिकल करवाकर बाल न्यायालय में पेश किया। छात्रा की इच्छा करने पर कोर्ट ने उसे परिजनों को सौंप दिया। वर्तमान में छात्रा काफी घबराई हुई है और उसने परिजनों को कुछ नहीं बताया। छात्रा को सकुशल लौटने पर परिजनों खुश है।