डीग जेल में 200 में से 95 बंदी कोरोना पाॅजीटिव भोजन व्यवस्था से संक्रमण फैलने की आशंका

डीग जेल में 200 में से 95 बंदी कोरोना पाॅजीटिव भोजन व्यवस्था से संक्रमण फैलने की आशंका

कोरोना का कहर रविवार को विस्फोट का रूप में सामने आया। जिले के डीग कस्बे की सब जेल में 95 बंदी कोरोना संक्रमित निकले हैं, जिन्हें 5 एंबुलेंस और भारी पुलिस बल के साथ रविवार देर रात तक भरतपुर लाया गया है। इनमें गंभीर लक्षण वाले 18 बंदियों को आरबीएम अस्पताल में भर्ती किया गया है, जबकि अन्य को महिला पॉलिटेक्निक कॉलेज स्थित कोविड केयर सेंटर में रखा गया है। आशंका जताई जा रही है कि कोरोना संक्रमण भोजन व्यवस्था से हुआ है। फिर भी कारण तलाशे जा रहे हैं।

असल में पिछले दिनों डीग सब जेल में कुछ बंदी कोरोना संक्रमित निकले थे, जिसके बाद सब जेल में बंद करीब 200 बंदियों की शनिवार को सैंपलिंग कराई गई। जिनमें 95 बंदियों की रविवार की देर शाम कोरोना पाजीटिव रिपोर्ट आई। इससे जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया।

इसकी सूचना तत्काल भरतपुर सेंट्रल जेल अधीक्षक सहित जिला प्रशासन को दी गई। संक्रमित रोगियों को उपचार के लिए भरतपुर भेजने का निर्णय लिया गया। इसके लिए जिला पुलिस अधीक्षक से भारी पुलिस बल की मांग की गई और 5 एंबुलेंस से 47 संक्रमित बंदियों को भरतपुर भेजने की व्यवस्था की गई।