चालक ने जोर से लगाए ब्रेक, पिकअप की छत पर बैठा श्रमिक पहियों के नीचे आया

चालक ने जोर से लगाए ब्रेक, पिकअप की छत पर बैठा श्रमिक पहियों के नीचे आया

कैलादेवी झील का बाड़ा प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र के पास रविवार सुबह दर्दनाक वाक्या सामने आया। जब एक तेज रफ्तार पिकअप के चालक ने सड़क में बने गड्ढे को देख जैसे ही ब्रेक लगाए तो पिकअप के ऊपर बैठा युवक भुसावर निवासी 26 वर्षीय पुष्कर सैनी पुत्र चौथीराम बोनट पर गिरने के बाद उसके पहियों के नीचे आ गया।

युवक की मौके पर ही मौत हो गई। युवक बोरिंग खुदाई श्रमिक था तथा अपने साथियों के साथ पिकअप से उच्चैन इलाके में बोरिंग खुदाई कार्य के लिए जा रहा था। पिकअप में पाइप भरे हुए थे। चंद सैकंडों में हुई घटना को देखकर आसपास मौजूद प्रत्यक्षदर्शी सकते में आ गए।

घटना के बाद पिकअप चालक पुलिस को चकमा देकर मृत युवक को गाडी में रखकर भुसावर ले गया। बाद में पुलिस ने पीछा कर पिकअप को भुसावर अस्पताल की मोर्चरी के पास से जब्त कर लिया। जबकि चालक फरार हो गया। पुलिस ने मृतक युवक का भुसावर सीएचसी में पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया।

झील पुलिस चौकी प्रभारी पूरन सिंह ने बताया कि भुसावर निवासी पुष्कर पुत्र चौथीराम सैनी रविवार को अपने 4-5 अन्य साथियों के साथ पिकअप में बैठ कर उच्चैन बाेरिंग खुदाई के लिए जा रहा था। वह पिकअप के ऊपर बैठा हुआ था।

सुबह करीब 8.15 बजे झील का बाडा तिराहे से पहले पीएचसी के पास सड़क के गड्ढे को बचाने के लिए जैसे ही पिकअप चालक ने ब्रेक लगाए। पिकअप के ऊपर बैठा पुष्कर उछलकर पहले बाेनट पर तथा फिर नीचे गिरकर उसका सिर पहियाें के नीचे आ गया। इससे उसकी माैके पर ही माैत हाे गई।

पुलिस काे चकमा दे जा पहुंचा भुसावर
चाैकी प्रभारी ने बताया कि घटना के वक्त चाैकी कांस्टेबल दशरथ सिंह आसपास ही मैजूद था। जिसने घटनास्थल पर पहुंच कर पुष्कर को गाडी में रखवाया और पिकअप चालक काे अपने साथ बयाना हाॅस्पिटल चलने काे कहा। लेकिन पिकअप चालक गाडी काे बैक कर वापस वैर की तरफ ले गया। चालक काे वापस भागते देख कांस्टेबल ने चाैकी पर सूचना दी। इस पर पुलिस ने बाइकाें से पिकअप का पीछा किया। पीछा करते हुए पुलिस भुसावर अस्पताल पहुंची।

लाेगाें ने चालक की धुनाई की
लाेगाें ने पुलिस काे बताया कि आक्रोशित लाेगाें ने पिकअप चालक की धुनाई भी कर दी इससे वह पिकअप काे छाेडकर भाग गया। बाद में पुलिस ने मृतक का पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया। पिकअप चालक भुसावर के अलीपुर खर्रा गांव का बताया गया है। घटना काे लेकर फिलहाल मृतक के परिजनाें ने मुकदमा दर्ज नहीं कराया है।