सरकारी कार्यालयों में ‘नो मास्क नो एंट्री’ मुहिम चलाएगा प्रशासन

सरकारी कार्यालयों में ‘नो मास्क नो एंट्री’ मुहिम चलाएगा प्रशासन

कोरोना जागरूकता संवाद के बाद विधायक व अफसरों ने चिकित्सा, प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर जागरूकता कार्यक्रम के माध्यम से लोगों को कोरोना से बचाव के लिए हेल्थ प्रोटोकॉल की पालना सुनिश्चित करवाने के निर्देश दिए। इस दौरान सरकारी कार्यालयों में ‘नो मास्क नो एंट्री’ अभियान को सही बताया।

शहर विधायक मनीषा पंवार ने कहा कि प्रशासन व पुलिस हेल्थ प्रोटोकॉल की पालना सख्ती से करवाए ताकि जिले में कोरोना संक्रमण पर प्रभावी रोक लग सके। शेरगढ़ विधायक मीना कंवर ने कहा कि जिले में राज्य सरकार के प्रयासों से लगातार चिकित्सा व्यवस्था सुदृढ़ हुई है, लेकिन लोगों के समय पर अस्पताल नहीं पहुंचने के कारण कई बार स्थिति गंभीर हो जाती है।

संभागीय आयुक्त ने कहा कि मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए जिले में अन्य अस्पतालों में भी कोविड का उपचार प्रारंभ किया गया है। हमारा प्रयास है कि हर कोविड रोगी को अस्पताल पहुंचते ही तत्काल प्रभाव से चिकित्सा सुविधा मिले, इसके लिए 24 घंटे विशेषज्ञ डॉक्टरों की उपस्थिति सुनिश्चित की गई है।

कलेक्टर इंद्रजीत सिंह ने कहा कि मिशन जीवन रखा के तहत मुख्यमंत्री की मंशानुसार जिले में कोरोना से मृत्युदर कम करने व रिकवरी रेट को लगातार बढ़ाए जाने के हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने सभी से मास्क पहनने व गाइडलाइन की पूरी पालना करने की अपील की।