एक डायल पर मिलेगी तमाम सुविधाएं, अलवर नगर परिषद आयुक्त की नई पहल
अलवर: कोरोना महामारी के इस दौर में आमजन को तमाम सुविधाएं बेहद सरल तरीके से उपलब्ध कराने के लिए नगर परिषद अलवर की ओर से दूरभाष नंबर जारी किए गए हैं। नगर परिषद के दूरभाष नंबर 0144-2700466 पर शहरवासी किसी भी समय कोविड-19 से संक्रमित की मृत्यु होने पर पार्थिव शरीर अंतिम संस्कार व्यवस्था और एंबुलेंस की सुविधा के लिए फोन कर सकते हैं। इसके अलावा भोजन और सैनिटाइजेशन साफ सफाई आदि सुविधा के लिए भी इस नंबर 0144-2700466 से संपर्क किया जा सकता है।
नगर परिषद आयुक्त श्री सोहन सिंह नरूका ने बताया कि उक्त नंबर पर 24 घंटे नगर परिषद के कर्मचारी कार्यरत हैं। जो बेहद सजगता और तत्परता से आमजन की मदद के लिए तैयार हैं। उन्होंने बताया कि कोविड-19 से संक्रमित व्यक्ति की मृत्यु होने पर पार्थिव शरीर को ससम्मान एंबुलेंस से अंतिम संस्कार स्थल तक ले जाने तथा अंतिम संस्कार की व्यवस्था के लिए नगर परिषद की ओर से पूरे इंतजाम निशुल्क किए गए हैं। साथ ही शहर के विभिन्न स्थानों जैसे कंटेनमेंट जोन, कोविड-19 हॉस्पिटल और आइसोलेशन सेंटर पर नियमित रूप से सैनिटाइजेशन कराया जा रहा है। इसके अलावा भी यदि कोई व्यक्ति अपने आसपास सैनिटाइजेशन कराना चाहता है तो नंबर पर संपर्क किया जा सकता है।
आयुक्त श्री सोहन सिंह नरूका ने बताया कि माननीय मुख्यमंत्री महोदय के "संकल्प कोई भी भूखा ना सोए" को साकार करते हुए इंदिरा रसोई के माध्यम से नगर परिषद,अलवर की टीम द्वारा प्रत्येक जरूरतमंद व्यक्ति और परिवार को निशुल्क भोजन पैकेट नियमित रूप से उपलब्ध कराए जा रहे हैं। कोई भी जरूरतमंद व्यक्ति उक्त नंबर 0144-2700466 पर फोन कर भोजन पैकेट मंगवा सकता है।
Arpit A 

