मुख्यमंत्री गहलाेत आज 11.30 बजे देश के नामचीन डॉक्टर के साथ प्रदेश की जनता से रूबरू होंगे

Sep 15, 2020 - 05:30
Sep 15, 2020 - 05:39
मुख्यमंत्री गहलाेत आज 11.30 बजे देश के नामचीन डॉक्टर के साथ प्रदेश की जनता से रूबरू होंगे

कोरोनाकाल में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत मंगलवार को देश के नामचीन डॉक्टरों के साथ पहली बार प्रदेश की जनता से सीधे रूबरू होंगे। इस दौरान वे ग्राम पंचायत स्तर पर पंच-सरपंच से संवाद करेंगे और कोरोना संक्रमण रोकने के लिए सरकार द्वारा किए गए प्रयासों के बारे में बताएंगे।

सीएम की पहल पर रणदीप गुलेरिया, देवी शेट्टी, एसके सरीन व नरेश त्रेहान सहित देश के बड़े चिकित्सक लोगों को कोरोना से बचाव व सावधानियों के बारे में बताएंगे। ताकि लोगों को लापरवाही के कारण संभावित गंभीर परिणामों का पता चल सके। पूरे प्रोग्राम को सीएम के निर्देशानुसार तैयार कराया गया है। इसका सोशल मीडिया पर सीधा प्रसारण होगा।

कई जगह कार्यक्रम का प्रसारण होगा

इसके अलावा कलेक्ट्रेट वीसी रूम, राजीव सेवा केंद्र व पंचायत स्तर पर स्थित ई-मित्र प्लस कियोस्क पर इस कार्यक्रम का प्रसारण होगा। वीडियो कॉन्फ्रेंस के दौरान आमजन विशेषज्ञ चिकित्सकों से सीधे सवाल भी कर सकेंगे। चर्चा में चिकित्सा मंत्री रघु शर्मा व चिकित्सा संस्थानों के प्रमुख चिकित्सक, सांसद, विधायक, सभी संभागीय आयुक्त, कलेक्टर, नगर निकायों के महापौर, सभापति, अध्यक्ष भी हिस्सा लेंगे।