ढोंगी बाबा ने गड़े धन के लिए 11 साल के मासूम की बलि दी नाक कान व नाखून कटा शव मिला
21वीं सदी के लोगों में आज भी अंधविश्वास भरा हुआ है। अंधविश्वास के चलते 11 साल के मासूम की बलि देने का मामला सामने आया है। अलवर जिले के मालाखेड़ा थाना क्षेत्र के नावली गांव में रविवार को बच्चे का शव गम्भीर हालात में एक खेत में पड़ा मिला। उसके नाक, कान और नाखून कटे हुए थे। आंखों में काजल लगा हुआ था। मृतक के पिता ने गांव के ही ढोंगी बाबा कालू बैरवा सहित कई लोगों के खिलाफ धन के लालच में उसके बेटे की बलि देकर हत्या करने की शिकायत पुलिस थाने में दर्ज करवाई।
जानकारी के मुताबिक, रविवार सुबह बच्चे का क्षत-विक्षत शव मिला। घटना की सूचना पर एसपी तेजस्विनी गौतम, मालाखेड़ा थाना पुलिस सहित कई अधिकारी मौके पर पहुंचे। एफएसएल टीम और डॉग स्क्वॉड बुलाकर जांच कराई गई। एसपी गौतम का कहना है कि पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। बच्चे की पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हत्या के सही कारणों के बारे में पता चल सकेगा। मामले में कुछ संदिग्धों को हिरासत में लिया है।
मृतक के पिता रघुवीर ने बताया कि आरोपी कालू बैरवा, नंदा, बाल्या, बद्री, रमेश उसके कुटुंब के लोग हैं। कालू बैरवा ढोंग-पाखंड करता है। निसंतानों को बच्चा कराने, गड़ा धन निकालने आदि के झांसे देकर पाखंड करता रहता है। ये लोग जमीन में दबा धन निकालने के लिए उसी जगह किसी बच्चे की बलि देने की बातें करते थे। आरोपी कालू का घर रघुवीर के पास ही है और उसने वहां उसने पीर का चबूतरा बना रखा है।


