किसान आंदोलन के बीच में ट्रक ऑपरेटर आ घुसे, बोले-100 किमी तक पूरा रोड बने तभी टोल वसूली होगी
कृषि कानूनों के विरोध में आंदोलन कर रहे किसानों के बीच में ट्रक ऑपरेटर भी आ घुसे हैं। शुक्रवार को ट्रक यूनियन के पदाधिकारी भी किसाना के साथ आ खड़े हो गए। उन्होंने कहा कि नेशनल हाइवे पूरा टूटा हुआ है। जब तक 100 किमी को रोड ढंग से नहीं बना देते तब तक टोल फ्री ही रखा जाएगा। असल में पिछले 5 दिनों से किसानों ने नेशनल हाइवे 48 के शाहजहांपुर टोल को फ्री कर रखा है। यहां से 24 घंटे वाहन बिना टोल शुल्क के आ-जा रहे हैं।
उधर, टोलकर्मी भूख हड़ताल पर
एक तरफ किसानों ने टोल को फ्री करा रखा है। किसान सरकार के कृषि कानूनों के विरोध में टोल के बीच में धरने पर बैठे हैं। वहीं बगल में टोलकर्मी भूख हड़ताल पर हैं। उनका कहना है कि टोल फ्री होने से यहां काम कर रहे 200 से 250 कर्मचारी बेरोजगार हो गए हैं। उनके परिवार के सामने रोजी-रोटी का संकट आ खड़ा हो गया है। इसका समाधान निकाला जाना चाहिए।
शाहजहांपुर टोल पर ट्रक यूनियन के पदाधिकारी।
शाहजहांपुर टोल पर ट्रक यूनियन के पदाधिकारी।
5वें दिन टोल फ्री
संयुक्त किसान मोर्चा व यूनियन के आह्वान पर शाहजहांपुर टोल नाका पांचवें दिन भी टोल फ्री रहा। टोल नाके पर किसानों व यूनियन के पदाधिकारियों की सभा हुई। सभा में संयुक्त किसान मोर्चा के नेता कालू थोरी ने कहा कि टोल के ऊपर सबसे ज्यादा वसूली होती है। यह सबसे महंगा टोल है, लेकिन सड़कों की मरम्मत नहीं होती है। टोल कंपनी मनमर्जी से वसूलती है। जबकि वाहन मालिकों को दोहरा नुकसान होता है।
उन्होंने कहा कि अब हमने तय कर लिया है कि जब तक 100 किलोमीटर तक पूरी सड़क का निर्माण नहीं होता तब तक टोल फ्री ही रखा जाएगा। इस दौरान नंदराम,प्रधान पिंकी, भारतीय किसान यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष राजाराम मील अखिल भारतीय किसान सभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष पूर्व विधायक अमराराम, पूर्व विधायक पवन दुग्गल, संयुक्त किसान मोर्चा के शशीकांत शर्मा, देव प्रकाश चौधरी, कंवर सिंह यादव, घासीराम, ओम प्रकाश, सुरेंद्र सहित सैकड़ों किसान व ट्रक ऑपरेटर उपस्थित थे


