भरतपुर जिले के 4 इलाकों में अगले 24 घंटे के लिए इंटरनेट बंद

भरतपुर जिले के 4 इलाकों में अगले 24 घंटे के लिए इंटरनेट बंद

गुर्जर आरक्षण को लेकर शनिवार को राजस्थान के भरतपुर जिले में महापंचायत होने जा रही है। महापंचायत सुबह 11 बजे से अड्‌डा गांव में होनी है। भरतपुर जिले के बयाना, वीर, भुसावर और रूपवास में 16 अक्टूबर की रात 12 बजे से 17 अक्टूबर की रात 12 बजे तक यानी अगले 24 घंटे के लिए इंटरनेट बंद कर दिया गया है। वॉट्सऐप, फेसबुक, ट्विटर (वॉइस कॉल को छोड़कर) पर भी पाबंदी रहेगी।

गुर्जर मोस्ट बैकवर्ड क्लास (एमबीसी) में 5 प्रतिशत आरक्षण को केंद्र की 9वीं अनुसूची में शामिल करने की मांग कर रहे हैं। महापंचायत में गुर्जर आरक्षण संघर्ष समिति के संयोजक कर्नल किरोड़ी सिंह बैंसला शामिल होंगे। सभा में राजस्थान और दूसरे राज्यों से 20 हजार से अधिक लोग आ सकते हैं। महापंचायत गुर्जर बाहुल्य नहरा क्षेत्र के 80 गांवों की ओर से बुलाई गई है।

महापंचायत को देखते हुए पुलिस-प्रशासन पूरी तरह से सतर्क है। अतिरिक्त पुलिसबल भी बुलाया गया है, जिसे बयाना-हिण्डौन मार्ग पर जगह-जगह तैनात किया जाएगा।

आरक्षण के लिए एकजुट
उधर, महापंचायत को लेकर शुक्रवार दोपहर शेरगढ़ गांव स्थित राजेश पायलट स्कूल में गुर्जर समाज की बैठक हुई। बैठक में दो साल पहले गुर्जर आरक्षण संघर्ष समिति से निकाले जाने के बाद से अंदरूनी तौर पर नाराज चल रहे गुर्जर नेता हिम्मत पाड़ली (दौसा), पूर्व सरपंच श्रीराम बैंसला, दीवान शेरगढ़ ने समाज में अपनी बात रखी।

ये हैं मांगें

  • आरक्षण को केन्द्र की 9वीं अनुसूची में शामिल किया जाए।
  • बैकलॉग की भर्तियां निकालनी जाएं। भर्ती में गुर्जरों को 5 प्रतिशत आरक्षण दिया जाए।
  • एमबीसी कोटे से भर्ती हुए 1200 कर्मचारियों को नियमित किया जाए।
  • आंदोलन के सभी शहीदों के परिजन को सरकार के वादे के मुताबिक नौकरी, मुआवजा दी जाए।
  • आंदोलन के दौरान दर्ज सभी मुकदमों को वापस लिया जाए।