एकतरफा प्यार में युवती की हत्या: छत पर गई युवती को पड़ोसी युवक ने पसलियों के नीचे मारी गोली, चीख सुनकर पहुंची छोटी बहन को खून से लथपथ मिली
भरतपुर के कोतवाली इलाके में स्थित मुखर्जी नगर में मंगलवार सुबह एक 19 साल की युवती की गोली मारकर हत्या कर दी गई। युवती का नाम अंकिता (19) है। पुलिस के अनुसार पड़ोस में रहने वाले सुनील नाम के युवक ने एकतरफा इश्क में वारदात को अंजाम दिया है। युवती को गोली मारकर वह फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस और एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची।
पुलिस ने बताया कि अंकिता मंगलवार सुबह छत पर पौधों में पानी डालने गई थी। युवती के माता-पिता टीचर हैं, जो गणतंत्र दिवस कार्यक्रम के लिए स्कूल जा चुके थे। घर पर केवल छोटी बहन थी। इस दौरान युवक भी छत पर चढ़कर आ गया। दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ। इसके बाद युवक ने युवती को गोली मार दी। बताया जा रहा है कि युवक ने युवती के पसली के नीचे दाएं और गोली मारी। एक गोली में ही युवती की मौत हो गई।
बहन की चीख सुन छत पर पहंची छोटी बहन, आरोपी भागता दिखा
बहन की चीख और गोली की आवाज सुनकर छोटी बहन छत पर पहुंची। जहां बड़ी बहन खून से लथपथ मिली और पड़ोसी युवक कूदकर भागता हुआ दिखा। गोली चलने और चीख पुकार की आवाज सुन पड़ोसी मौके पर पहुंचे। इसके बाद लोगों ने घायल अवस्था में लड़की को जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।

फिल्मी स्टाइल में सीढ़ी लगाकर मृतका के घर तक पहुंचा आरोपी
जांच में सामने आया है कि आरोपी युवक का घर मृतका के घर के पीछे की तरफ है। सुबह मृतका को अकेला देख आरोपी सुनील फिल्मी स्टाइल में अपने घर की छत से से सीढ़ी लगाकर दूसरे घर की छत पर पहुंचा। जहां से तीसरे घर (पीड़िता का घर) की छत पर पहुंचा। जिसके बाद हत्या कर दी।

पहले भी हुआ था विवाद, पिता बोले- आए दिन परेशान करता था आरोपी
लोगों ने बताया कि युवक और युवती के बीच पहले भी विवाद हुआ था। बाद में राजीनामा करवा दिया गया। आज जानकारी मिली कि युवक ने युवती को गोली मार दी। मृतका के पिता ने बताया कि वे और उनकी पत्नी ड्यूटी पर स्कूल गए हुए थे। पीछे से सुनील घर में घुसा। सुनील बेटी को काफी समय से परेशान कर रहा था। वह आए दिन उसका पीछा करता रहता था।
डॉग स्क्वॉड मौके पर पहुंची सूचना पर मौके पर पहुंची कोतवाली थाना पुलिस ने डॉग स्क्वॉड को भी बुलाया। पुलिस की माने तो यह मामला प्रेम प्रसंग का था। आरोपी लड़का पड़ोस का रहने वाला है। पिछले सालों में भी इस बात को लेकर दोनों परिवारों के बीच झगड़ा हुआ था। जहां लोगों ने बैठकर उनका सुलह करवाया था, लेकिन आज अचानक सिरफिरे युवक ने एक तरफा प्रेम के चलते युवती की गोली मारकर हत्या कर दी।



