कोरोना महामारी के कारण कोई भी गर्भवती और बच्चा टीकाकरण से वंचित नहीं रहना चाहिए : प्रेमचंद बेरवाल
कोई भी गर्भवती महिला एवं बच्चा टीकाकरण से वंचित नहीं रहना चाहिए।कोरोना महामारी के कारण जो लाभार्थी छूट गए हैं, उनकी लिस्ट बनाकर उनका टीकाकरण करना सुनिश्चित करें। यह बात गुरुवार को संभागीय आयुक्त प्रेमचंद बेरवाल ने उप स्वास्थ्य केंद्र बछामदी खण्ड सेवर पर आयोजित टीकाकरण का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा निर्देश देते हुए कही।
इस दिन जिलेभर में मातृ-शिशु स्वास्थ्य एवं पोषण दिवस मनाया गया। उन्होंने कहा कि कोविड-19 के संक्रमण के बचाव के लिए आवश्यक सावधानी, माॅस्क व सोशियल डिस्टेसिंग तथा सेनेटाइजेशन का पालन करते हुए एमसीएचएन डे आयोजित किए जाएं।
उन्होंने टीकाकरण सत्र के निरीक्षण के दौरान गर्भवती महिलाओं एवं बच्चों को दिए जाने वाले टीकों की एएनएम सरोज कुंतल से विस्तृत जानकारी प्राप्त की एवं आरसीएच रजिस्टर का निरीक्षण किया। साथ ही लाभार्थियों के परिजनों से भी टीकाकरण के बारे में फीडबैक लिया एवं जानकारी प्राप्त की। निरीक्षण के दौरान आरचीएचओ डॉ अमरसिंह सैनी, डीपीएम कौशल कुमार, डीएनओ दीपक शर्मा मौजूद थे।


