अनियंत्रित टैंकर खेत में पलटा, 30 हजार लीटर दूध फैला
गुजरात के पालनपुर से धौलपुर जा रहा एक दूध का टैंकर शनिवार सुबह अछनेरा रोड स्थित गोपाल नगला मोड पर अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। टैंकर में 30 हज़ार लीटर दूध भरा हुआ था। जैसे ही टैंकर पलटा वैसे ही खेत में चारों तरफ दूध ही दूध फैल गया। इसके अलावा खेत में उग रही कुछ जगह बाजरे की फसल भी नष्ट हो गई।
गनीमत यह रही कि टैंकर चालक को किसी प्रकार की चोट नहीं आई। वहीं टैंकर चालक ने बताया कि वह गुजरात के पालनपुर से 30 हज़ार लीटर दूध टैंकर में भरकर धौलपुर की गरिमा मिल्क एंड फूट प्रोडक्ट लिमिटेड के लिए ले जा रहा था, लेकिन अचानक भरतपुर के चिकसाना थाना इलाके के गोपाल नगला मोड़ पर दूसरे टैंकर ने अचानक दूध के टैंकर को ओवरटेक किया, जिसके बाद दूध का टैंकर अनियंत्रित हो गया। और एक बाजरे में खेत मे जा घुसा और अचानक पलट गया।
इसके बाद टैंकर में भरा 30 हज़ार लीटर दूध खेत मे फैल गया। और देखते ही देखते जमीन सारे दूध को सोख गई। फिलहाल टैंकर चालक ने दूध की फैक्ट्री मालिक को घटना की सूचना दे दी है। लेकिन अभी तक दूध के टैंकर को सीधा नहीं किया गया है। वही चालक ने बताया कि धौलपुर की गरिमा मिल्क एंड फूड फैक्टरी में रोजाना गुजरात के पालनपुर से दूध भेजा जाता है और धौलपुर में अमूल का मक्खन तैयार किया जाता है।


