भरतपुर रेंज के 67 एएसआई पदों के लिए आउटडोर और साक्षात्कार परीक्षा 13 को
हैड कांस्टेबल से सहायक पुलिस निरीक्षक के पद पर पदोन्नति के लिए आयोजित योग्यात्मक परीक्षा वर्ष 2017-18 की लिखित परीक्षा में उत्तीर्ण घोषित रेंज भरतपुर के 67 हैड कांस्टेबलों की आउटडोर एवं साक्षात्कार परीक्षा 13 अक्टूबर को सुबह 6 बजे से पुलिस लाइन भरतपुर में आयोजित की जाएगी। इस परीक्षा में रेंज के भरतपुर जिले के 26, धौलपुर जिले के 12, सवाई माधोपुर जिले के 12 एवं करौली जिले के 17 रिक्त पदों पर पदोन्नति के लिए लिखित परीक्षा में उत्तीर्ण हैड कांस्टेबल शामिल होंगे। परीक्षा के लिए चयनित सभी हैड कांस्टेबलों को 12 अक्टूबर की शाम 5 बजे तक पुलिस लाइन भरतपुर में आमद करानी होगी। रेंज के महानिरीक्षक पुलिस संजीव कुमार नार्जारी ने इस संबंध में चयन बोर्ड के सदस्य पुलिस अधीक्षक सीआईडी सीबी सुनील कुमार विश्नोई सहित चयन बोर्ड के सदस्य सचिव जिला भरतपुर, धौलपुर, सवाईमाधोपुर और करौली जिले के पुलिस अधीक्षकों को 12 अक्टूबर की शाम तक आवश्यक रूप से आउटडोर एवं साक्षात्कार परीक्षा लिए जाने के लिए भरतपुर में उपस्थिति के लिए निर्देश दिए हैं।
इसके अलावा रेंज आईजी की ओर से रेंज के चारों जिलों के पुलिस अधीक्षकों को निर्देश दिए गए हैं कि वे लिखित परीक्षा में उत्तीर्ण हैड कांस्टेबलों को परीक्षा के संबंध में अवगत कराते हुए आवश्यक वर्दी आदि सामान साथ लेकर तय समय पर पुलिस लाइन में आमद कराने के लिए पाबंद करें।
साथ ही लिखित परीक्षा में उत्तीर्ण अभ्यार्थियों का सेवा रिकार्ड सजा-ईनाम, शिक्षा, प्रशिक्षण, खेल व परेड स्टेटमेंट आदि के चार्ट तैयार कराएं। वहीं जिन हैड कांस्टेबलों के विरुद्ध विभागीय जांच, प्राथमिक जांच तथा न्यायालय प्रकरण विचाराधीन हैं, उनकी सूचना बोर्ड को उपलब्ध कराएं।
जिन अभ्यिर्थियों को सजाएं मिली हैं, उन दंडादेशों की प्रमाणित छायाप्रतियां संबंधित कर्मचारी की निजी पत्रावली में शामिल होनी चाहिए, साथ ही सेवा पुस्तिकाओं में अंकित सभी प्रविष्टियां प्रमाणित होनी चाहिए। इसके लिए अपने-अपने जिले के फोर्स क्लर्क को समस्त रिकॉर्ड के साथ 12 अक्टूबर को प्रात: 10 बजे तक आईजी रेंज कार्यालय में उपस्थित होने के लिए निर्देशित करें।
इधर, हैड कांस्टेबल पदोन्नति संवर्ग पाठ्यक्रम में 52 कांस्टेबल उत्तीर्ण
जिले के 52 पुलिस कांस्टेबलों ने हैड कांस्टेबल पद के पदोन्नति संवर्ग पाठ्यक्रम परीक्षा में सफलता हासिल कर ली है। 6 जुलाई से 21 सितंबर तक पुलिस ट्रेनिंग स्कूल झालावाड़ में आयोजित हैड कांस्टेबल पद का पदोन्नति संवर्ग पाठ्यक्रम पूर्ण होने के बाद पीटीएस झालावाड़ के कमांडेंट ने परिणाम घोषित करते हुए जिले के 52 हैड कांस्टेबलों को उत्तीर्ण घोषित कर दिया है।
परिणाम घोषणा के बाद जिला पुलिस अधीक्षक डाॅ. अमनदीप सिंह कपूर ने उत्तीर्ण सभी 52 हैड कांस्टेबलों को राजस्थान पुलिस अधीनस्थ सेवा नियम 31 में वर्णित प्रावधानों के अंतर्गत बोर्ड प्रोसीडिंग्स की वरिष्ठता क्रम में हैड कांस्टेबल पद पर पदोन्नति प्रदान करते हुए पुलिस लाइन भरतपुर में उपस्थिति देने के निर्देश दिए हैं।
पदोन्नत 52 हैड कांस्टेबलों में से एससी वर्ग के 4, जबकि सामान्य वर्ग के 48 अभ्यर्थी शामिल हैं। इस पदोन्नति में 18 कांस्टेबलों को वर्ष 2015-16 एवं 34 कांस्टेबलों को वर्ष 2016-17 के रिक्त पदों पर पदोन्नत किया गया है।


