बाइक लूटने का विरोध किया तो लुटेरों ने युवक को मारी गोली, ग्रामीणों ने 4 घंटे तक बस स्टैंड किया जाम
कस्बे के बस स्टैंड के समीप शुक्रवार को बाइक छीनने की कोशिश में बाइक सवार एक जने की गोली मारकर हत्या करने के मामले में ग्रामीणों और मृतक के रिश्तेदारों ने शनिवार को कस्बे के बस स्टैंड पर चक्का जाम कर दिया। करीब चार घंटे तक ग्रामीणों ने रास्ते को जाम रखा। उनका आरोप था कि पुलिस की लापरवाही के कारण इलाके में अपराधियों के हौंसले बुलंद हैं इसलिए स्थानीय थाना प्रभारी व स्टाफ को बदला जाए।
ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन और विधायक के खिलाफ नारेबाजी की। बाद में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की समझाइश पर ग्रामीण माने और जाम खोला। करीब चार घंटे तक दोनों ओर वाहनों की लाइन लग गई। जानकारी के अनुसार प्रभुदयाल निवासी डीग बाइक पर अपनी ससुराल बरखेडा जा रहा था।
उसके साथ उसका साला चेतराम भी था जो दूसरी बाइक पर सवार था। सीकरी रोड पर शुक्रवार शाम को बाइक सवार लुटेरों ने उनसे बाइक लूटने की कोशिश की और विरोध करने पर फायरिंग कर दी जिसमें प्रभुदयाल की मौत हो गई। इस मामले को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश था।
शनिवार सुबह ग्रामीण और मृतक के रिश्तेदारों ने बस स्टैंड पर जाम लगा दिया। बाद में भाजपा नेता जवाहर सिंह भी मौके पर पहुंच गए। पहाड़ी उपखण्ड अधिकारी मनीष कुमार, नायब तहसीलदार रमेश चंद ने ग्रामीणों और लोगों को समझाने का प्रयास किया पर ग्रामीण नहीं माने। बाद में कामां सीओ प्रदीप यादव व डीग के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वुगलाल मीणा के आश्वासन दिए जाने के बाद ग्रामीण माने। गौरतलब है कि पहाड़ी थानाधिकारी नेकीराम चौधरी को एक वर्ष पूर्व डीआईजी एक समाज विशेष के लोगों से अभद्रता के मामले में सस्पेंड किया था।
वाहनों की लगी कतारें, जाम में फंसे रहे लोग
जाम के कारण कस्बे के प्रमुख चौराहे पर जाम लगाने पर सीकरी रोड, कामां रोड, फिरोजपुर झिरका रोड पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। वही खनन सामग्री के वाहनों के चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। पुलिस समझाइश के बाद जाम खुला।
वाहनों की लगी कतारें, जाम में फंसे रहे लोग
जाम के कारण कस्बे के प्रमुख चौराहे पर जाम लगाने पर सीकरी रोड, कामां रोड, फिरोजपुर झिरका रोड पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। वही खनन सामग्री के वाहनों के चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। पुलिस समझाइश के बाद जाम खुला।
ये थी ग्रामीणों की मांग
- थाना प्रभारी को सस्पेंड किया जाए और थाने के पूरे स्टाफ को लाइन हाजिर किया जाए।
- मृतक परिजनों को मुख्यमंत्री कोष से सहायता राशि दिलाई जाए।
- वारदात करने वाले बदमाशों को शीघ्र गिरफ्तारी किया जाए।
- इलाके में गश्त व्यवस्था मजबूत की जाए और अवैध वसूली रुके।
क्षेत्र में नाकेबंदी नहीं कराई जाती है। पुलिस खनन सामग्री के वाहनों से वसूली करती है।


