रात में अवैध खनन भरे 25 ट्रक-ट्रोले जब्त किए, 75 लाख रुपए का पत्थर बरामद
रुदावल: अनलॉक-4 में अवैध खनन भी जाेराें पर जारी है। जिले से बड़े पैमाने पर इमारती पत्थर की अवैध निकासी का धंधा फिर से शुरू हो गया है। अभी तक बंध बारैठा व वंशी पहाड़पुर इलाके से पत्थर की अवैध निकासी बंद थी, लेकिन बीते कुछ दिनों से यह फिर से शुरू हो गई।
बंध बारैठा अभयारण्य एवं बंशी पहाड़पुर वन क्षेत्र में अवैध खनन की मिल रही सूचनाओं पर रविवार देर रात जिला कलक्टर नथमल डिडेल के निर्देश पर पुलिस, खान एवं राजस्व की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध खनिज सैण्ड स्टोन से भरे 25 ट्रक एवं ट्रोले जब्त किए हैं।
टीम ने रविवार देर रात को कार्रवाई शुरू की। टीम के पहुंचते ही अवैध खनन कर रहे लोग और ट्रक चालक वाहनों को जहां है वैसा ही छोड़ भाग छूटे। पुलिस बल की निगरानी में 16 से 20 चक्के वाले 25 ट्रकों को वन विभाग एवं पुलिस की चौकियों पर लाकर खड़ा किया गया। जिनमें 75 लाख रुपए सेंडस्टोन मिला है। कार्रवाई सोमवार दोपहर तक जारी रही।


