राजस्थान की कोंग्रेस सरकार आज सादगी से दूसरी वर्षगांठ मनाएगी कई योजनाओं का शुभारंभ करेगी

राजस्थान की कोंग्रेस सरकार आज सादगी से दूसरी वर्षगांठ मनाएगी कई योजनाओं का शुभारंभ करेगी

राजस्थान में अशोक गहलोत सरकार के आज दो साल पूरे हो गए हैं। लेकिन कोविड-19 महामारी को देखते हुए सरकार ने दूसरी वर्षगांठ बेहद सादगी से मनाने का निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने निर्देश दिए हैं कि कोरोना संक्रमण को ध्यान में रखते हुए इस बार वर्षगांठ के कार्यक्रम वर्चुअल माध्यम से आयोजित किए जाएंगे। 18 दिसम्बर को प्रदेश में 10,805 करोड़ रुपए के 1374 कार्यों, योजनाओं और परियोजनाओं का लोकार्पण, शिलान्यास और शुभारंभ किया जाएगा। राज्य सरकार की ओर से दाे साल में लिए गए फैसलाें काे लेकर रिपाेर्ट कार्ड भी जारी किया गया है। इसमें कृषि, किसानों की कर्जमाफी, युवाओं काे दिए गए राेजगार, बेराेजगारी भत्ता, काेराेनाकाल में हुए कार्याें की उपलब्धियाें काे शामिल किया गया है।

जनसंपर्क विभाग के मुताबिक राज्य स्तरीय समारोह शुक्रवार सुबह 11.30 बजे आयोजित किया जाएगा। इसमें गहलोत मुख्यमंत्री निवास से वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से विभिन्न विभागों की योजनाओं, परियोजनाओं एवं विकास कार्यों का शुभारम्भ, लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे। कार्यक्रम में सूचना एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा राज्य सरकार की दो वर्ष की उपलब्धियों पर प्रकाशित साहित्य का विमोचन एवं वर्चुअल प्रदर्शनी का उद्घाटन भी किया जाएगा। दो वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रमों की थीम 'दो वर्ष जन सेवा के' रखी गई है।