बेटा नहीं होने से नाखुश थे ससुराल वाले, 3 बेटियों को कुएं में फेंक खुद भी कूद गई
रूपवास के खानसूरजापुर गांव में मंगलवार सुबह करीब 10 बजे बेटा नहीं होने से नाखुश ससुराल वालों के तानों से तंग एक विवाहिता ने घर से करीब डेढ़ किलोमीटर कुएं में पहले अपनी तीन बेटियों को फेंका। फिर खुद ने भी छलांग लगा दी। इससे चारों की मौत हो गई। मरने वालों में शारदा (28), उसकी बेटी त्रिशा (6), अपूर्वा (3) और अविनाश (1) हैं।
घटना का पता तब चला कि वहां से गुजर रहे एक ग्रामीण ने कुएं के बाहर महिला और बच्चों की चप्पलें उतरी देखीं। इसकी सूचना पर पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से चारों के शवों को कुएं से बाहर निकलवाया। इस घटना से पूरे गांव में शोक छा गया। शाम को कई घरों में तो चूल्हे तक नहीं जले।
रूपवास एसएचओ हुकम सिंह शेखावत ने बताया कि मृतक के पीहर पक्ष ने ससुराल वालों के खिलाफ दहेज के लिए प्रताड़ित करने एवं बेटा नहीं होने पर ताने देकर विवाहिता को मानसिक और शारीरिक रूप से परेशान करने का मुकदमा दर्ज कराया है। प्रारंभिक जांच में अब तक मिली जानकारी के मुताबिक मृतका शारदा मंगलवार सुबह घर पर खेत से चारा काटकर लाने के लिए कहकर निकली थी। वह अपनी तीनों बेटियों को भी साथ ले गई। लेकिन, खेत पर पहुंचने से पहले ही उसने तीनों बेटियों के साथ कुएं में छलांग लगा दी।
इस घटना का पता चलते ही वहां ग्रामीणों की भीड़ एकत्रित हो गई। इधर, घटना का पता चलते ही एडिशनल एसपी राजेन्द्र वर्मा, सीओ खींव सिंह राठौर भी मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों से घटना की जानकारी लेने के साथ ही उसके पीहर वालों को बुलाया गया। पीहर वालों की रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।


